☰
×

छठमय हुआ भागलपुर, बरारी घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, भास्कर महोत्सव में सजी सांस्कृतिक संध्या

 

भागलपुर, 13 नवंबर (आईएएनएस)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पूरा भागलपुर शहर छठमय हो गया है। शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण चौक-चौराहों को छठ की थीम पर आकर्षक साज-सज्जा और चित्रांकन से सजाया गया है। प्रमुख चौराहों पर छठी मैया के चित्रण के साथ झालरों और आकर्षक लाइट के माध्यम से पूरे शहर को सजाया गया है। स्वागत द्वारों और शहर में स्थापित विभिन्न एलईडी स्क्रीन के माध्यम से छठ पर्व से संबंधित चित्रों और संदेशों का प्रसारण किया जा रहा है। छठ गीतों से पूरा शहर गुंजायमान है।

शहरवासियों में भी काफी उत्साह और उमंग का माहौल है। विभिन्न सामाजिक और पूजा समितियों ने प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई है। सभी छठ घाटों पर विशेष पदाधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि छठ पर्व से संबंधित किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन के आपसी समन्वय से यह प्रयास किया जा रहा है कि छठ महापर्व का आयोजन पूरी तरह सुव्यवस्थित, स्वच्छ, सुरक्षित और उत्सवपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।

इसी बीच जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने बरारी घाट का निरीक्षण कर साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाट परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को घाट और आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए शौचालयों और चेंजिंग रूम की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और इनके साफ-सुथरे और उपयोग योग्य रहने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। शौचालयों और चेंजिंग रूम में पर्याप्त साफ-सफाई, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया।

बरारी घाट पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क है। पिछले तीन दिनों में अचानक जलस्तर में उतार-चढ़ाव होने के कारण बरारी घाट पर गीली मिट्टी और फिसलन की समस्या उत्पन्न हो गई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए। घाट के संवेदनशील और फिसलन वाले स्थानों पर सैंड बैग लगाए गए हैं और बैरिकेडिंग के माध्यम से सुरक्षित क्षेत्र निर्धारित किया गया है।

घाट के किनारों और मिट्टी वाले हिस्सों को भी सैंड बैग और अन्य आवश्यक उपायों के जरिए स्थिर किया गया है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्नान करने और घाट पर आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। वहीं, जिन स्थानों पर जलस्तर में कमी के कारण अभी भी गीली मिट्टी और फिसलन की संभावना बनी हुई है, वहां लाल कपड़े के माध्यम से संकेतक लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालु उन स्थानों को पहचानकर सतर्कता बरत सकें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घाट पर स्नान के लिए पर्याप्त सुरक्षित स्थान उपलब्ध है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे गंगा के जलस्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक स्नान करें, निर्धारित सुरक्षित स्थानों का ही उपयोग करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। जिला प्रशासन ने बताया कि यह पूरी व्यवस्था परिस्थितियों के अनुरूप डायनेमिक तरीके से विकसित की गई है और मात्र 24 घंटे के भीतर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

दूसरी ओर, कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भास्कर महोत्सव 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को बरारी गंगा घाट पर छठ महापर्व की लोकपरंपराओं पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकगायन और समूह लोकनृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से छठ महापर्व की धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति, प्रकृति के प्रति सम्मान और गंगा की स्वच्छता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान लोकगायक अर्पिता चौधरी और उनकी टीम द्वारा छठ महापर्व पर आधारित पारंपरिक लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने गीतों के माध्यम से गंगा मैया, छठी मैया और भगवान भास्कर के प्रति श्रद्धा और भक्ति की अभिव्यक्ति की। इसके साथ ही गंगा और घाटों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, भागलपुर की छात्राओं ने छठ पूजा पर आधारित समूह लोकनृत्य और आकर्षक सांस्कृतिक झांकी प्रस्तुत की। राजकुमारी चंद्रकांता यादव के नेतृत्व में सुरभि, सुप्रिया, मोहिनी, मासूम, साक्षी और कशिश ने छठ की लोकपरंपराओं, पूजा विधियों और सूर्य उपासना के सांस्कृतिक स्वरूप को जीवंत किया।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने कहा कि भास्कर महोत्सव के माध्यम से छठ महापर्व के अवसर पर भागलपुर के प्रमुख गंगा घाटों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छठ महापर्व के पारण के दिन सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगा घाट पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी