☰
×

छठ सभी भारतीयों का पर्व, किसी को इसे मनाने से नहीं रोका जा सकता : अग्निमित्रा पॉल

 

कोलकाता, 16 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में छठ पूजा के आयोजन और तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी की टिप्पणियों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कल्याण बनर्जी पर निशाना साधते हुए तृणमूल कांग्रेस पर पिछले 15 वर्षों में विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि छठ पूजा पश्चिम बंगाल की संस्कृति और सामाजिक सौहार्द का हिस्सा है तथा राज्य में रहने वाले सभी समुदायों को अपने त्योहार मनाने का अधिकार है। वहीं, मंत्री अर्जुन सिंह ने पुलिस पर गोली चलाने वालों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई का समर्थन किया और छठ महापर्व के महत्व पर भी अपनी बात रखी।

पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि नई सरकार के सत्ता में आने के बाद पश्चिम बंगाल में दो-तीन तूफान आ चुके हैं। इस दौरान त्योहारों के आयोजन और आपदा प्रबंधन की तैयारियों में मुख्यमंत्री की सक्रिय भूमिका देखने को मिली है। मुख्यमंत्री सभी विभागों की तैयारियों की जानकारी लेने के लिए वर्चुअल और प्रत्यक्ष दोनों माध्यमों से बैठकें करते हैं। पहले आए चक्रवात के दौरान भी उन्होंने इसी तरह प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की थी।

छठ पूजा को लेकर सांसद कल्याण बनर्जी के सवालों पर अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि बंगाल और बंगाली संस्कृति का मतलब विभाजनकारी राजनीति नहीं है। तृणमूल कांग्रेस पिछले 15 वर्षों से बांटने की राजनीति कर रही है। अब जब सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार त्योहारों के आयोजन और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है, तो तृणमूल नेता इसे भी गलत तरीके से पेश कर रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिहार और अन्य राज्यों से आए लोग बंगाल में रहते हैं और यहां की आबादी का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, तो उन्हें छठ पूजा मनाने से कैसे रोका जा सकता है? उन्होंने कहा कि बिहारी समुदाय के लोग भी भारतीय नागरिक हैं और उन्हें अपने धार्मिक त्योहार मनाने का पूरा अधिकार है। नकारात्मक और विभाजनकारी राजनीति के कारण ही कल्याण बनर्जी की राजनीतिक जमीन कमजोर हो रही है।

मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि छठ महापर्व के अंतिम दिन 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने के बाद व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपना व्रत खोलते हैं। दुनिया के 50 से अधिक देशों में छठ पूजा मनाई जा रही है और इस बार पश्चिम बंगाल में भी बड़े स्तर पर इसका आयोजन हुआ है। राज्य में 25 प्रतिशत से अधिक लोगों ने इस बार छठ पूजा में भाग लिया।

मंत्री अर्जुन सिंह ने पुलिस एनकाउंटर और जवाबी फायरिंग को लेकर कहा कि यदि कोई पुलिस पर गोली चलाता है, तो पुलिस मूकदर्शक बनकर नहीं बैठ सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि लोगों का कानून पर से भरोसा उठने लगा था। आत्मरक्षा में जवाब देना संवैधानिक अधिकार है।

--आईएएनएस

एसएके/एबीएम