छठ पूजा: विदेश मंत्री एस. जयशंकर और सीएम योगी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "छठ पूजा के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "भगवान सूर्य की उपासना, लोक आस्था व छठी मैया की आराधना के महापर्व छठ पूजा की सभी श्रद्धालुओं व प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई तथा शुभकामनाएं। भगवान सूर्यदेव और छठी मैया सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि व आरोग्यता का संचार करें, यही प्रार्थना है। जय छठी मइया।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर संध्या अर्घ्य की समस्त श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं। अस्ताचलगामी सूर्य को भी अर्घ्य अर्पित करने की हमारी परंपरा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सनातन संस्कृति के महान संस्कारों का अद्भुत प्रतीक है। छठी मैया और भगवान भास्कर से प्रार्थना है कि सभी व्रतियों की साधना सफल हो और हर परिवार में सुख, समृद्धि और आरोग्य का वास हो।"
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने पोस्ट किया, "सूर्य की स्वर्णिम किरणों में आस्था का उजास हो, छठी मईया के आशीर्वाद से हर आंगन में खुशियों का वास हो। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की श्रद्धा और उदीयमान सूर्य के स्वागत की मंगल बेला हम सभी के जीवन में धैर्य, विश्वास और नवचेतना का संचार करे। भगवान सूर्यदेव और छठी मईया की कृपा समस्त प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। आस्था और उल्लास का यह महापर्व आप सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि का संचार करे। छठी मैया और भगवान भास्कर की कृपा सभी पर बनी रहे।"
उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने छठ पूजा की श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "यह पावन पर्व हमें संयम, समर्पण और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है, जिससे जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आगमन होता है। छठ मैया का कठिन व्रत और तप करने वाली सभी माताओं, बहनों और भाइयों की सभी कामनाएं पूर्ण हों, ये प्रार्थना है।"
--आईएएनएस
डीसीएच/