Chhath Puja 2026: नहाय-खाय से उगते सूर्य के अर्घ्य तक, जानिए चार दिनों में कैसे होगा महापर्व
लोक आस्था का महापर्व छठ आज यानी 13 नवंबर से शुरू हो रहा है। सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित यह पर्व चार दिनों तक चलेगा। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए पूजा-अर्चना करेंगे। छठ महापर्व का समापन 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद होगा।
छठ को लेकर बिहार में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। दूसरे राज्यों में रहने वाले बड़ी संख्या में लोग पर्व मनाने के लिए अपने घर लौट चुके हैं। राज्य के अलग-अलग शहरों में नदी, तालाब और जलाशयों के किनारे बने घाटों को सजाया गया है। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा, सफाई और रोशनी समेत कई व्यवस्थाएं की गई हैं।
दिल्ली में 11 किमी लंबा छठ घाट
इस बार दिल्ली में भी छठ पूजा को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं। मूनक नहर के दोनों किनारों पर करीब 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट विकसित किया गया है। गुरुवार को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने इसका उद्घाटन किया। इस घाट के तैयार होने से दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल और बिहार के लोगों को पूजा के लिए सुविधाजनक स्थान मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने भी छठ पूजा को देखते हुए 15 और 16 नवंबर को ऐच्छिक अवकाश घोषित किया है। वहीं, यातायात व्यवस्था संभालने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं, ताकि पर्व के दौरान सड़कों और घाटों पर भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
चार दिनों में ऐसे पूरा होगा छठ पर्व
13 नवंबर: नहाय-खाय से शुरुआत
छठ के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाएगी। व्रती स्नान करने के बाद घर और रसोई की सफाई करेंगे। इसके बाद सात्विक भोजन तैयार किया जाएगा। आमतौर पर लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल का सेवन किया जाता है। इसी दिन से छठ के कठिन अनुष्ठान की शुरुआत मानी जाती है।
14 नवंबर: खरना का दिन
दूसरे दिन खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं। शाम को पूजा के बाद गुड़ की खीर और रोटी समेत प्रसाद तैयार किया जाता है। पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और इसे परिवार के लोगों में बांटते हैं। खरना के बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है।
15 नवंबर: डूबते सूर्य को अर्घ्य
तीसरे दिन शाम को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। व्रती पूजा की सामग्री से सजे सूप और दउरा लेकर घाटों पर पहुंचेंगे। ठेकुआ, फल, नारियल और अन्य प्रसाद के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की जाती है।
16 नवंबर: उगते सूर्य को अर्घ्य और पारण
छठ के अंतिम दिन व्रती सूर्योदय से पहले घाटों पर पहुंचेंगे। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद छठी मैया की पूजा की जाएगी। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण करेंगे। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का विधिवत समापन हो जाएगा।