☰
×

चेन्नई में राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री विजय से की मुलाकात, 'स्टूडेंट्स वॉइस' कार्यक्रम में भी होंगे शामिल

 

चेन्नई,10 अक्टूबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को चेन्नई पहुंचकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेट्ट्री कझगम (टीवीके) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय से उनके नीलांकरई स्थित आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

राहुल गांधी चेन्नई दौरे पर 'स्टूडेंट्स वॉइस' कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे हैं। उनके आगमन के बाद मुख्यमंत्री विजय से यह मुलाकात हुई, जिस पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।

इससे पहले कांग्रेस नेताओं ने बताया था कि राहुल गांधी का यह कार्यक्रम छात्रों से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित होगा। कार्यक्रम के दौरान परीक्षा में अनियमितताओं, पेपर लीक, बढ़ती शिक्षा लागत, बेरोजगारी और रोजगार के अवसरों से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।

चेन्नई के आइलैंड ग्राउंड्स में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए तमिलनाडु कांग्रेस ने व्यापक तैयारियां की हैं। आयोजकों के अनुसार, राज्यभर से बड़ी संख्या में छात्रों ने पंजीकरण कराया है, हालांकि कार्यक्रम स्थल पर सीमित संख्या में छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा।

'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत राहुल गांधी पहले राजस्थान के कोटा, महाराष्ट्र के पुणे और नासिक तथा मध्य प्रदेश के इंदौर में भी छात्रों के साथ संवाद कर चुके हैं। इस पहल का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था और रोजगार से जुड़े युवाओं के मुद्दों को सीधे सुनना और उन्हें सार्वजनिक विमर्श का हिस्सा बनाना है।

चेन्नई प्रवास के दौरान राहुल गांधी कांग्रेस पदाधिकारियों और अन्य प्रमुख राजनीतिक नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं। कार्यक्रम के बाद उनके नई दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।

आयोजकों के अनुसार, तमिलनाडु में बांटे गए क्यूआर कोड और वेबसाइट के जरिए एक लाख से ज्यादा छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, हालांकि इस बातचीत में सिर्फ उन्हीं 10,000 छात्रों को एंट्री मिलेगी, जिन्हें पहचान पत्र जारी किए गए हैं।

राज्यभर के कई कॉलेजों से छात्रों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजकों ने पंडाल के बाहर बड़ी स्क्रीन लगाई हैं ताकि मुख्य घेरे के बाहर जमा लोग भी कार्यक्रम देख सकें।

कार्यक्रम स्थल पर पीने के पानी और शौचालय की सुविधाएं भी की गई हैं। कॉलेज के प्रिंसिपल, प्रोफेसर और पूर्व प्रिंसिपल समेत लगभग 350 आमंत्रित शिक्षा प्रतिनिधियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी