चीन में डाक और एक्सप्रेस डिलीवरी सेवाओं में बढ़ोतरी
बीजिंग, 22 जून (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रीय डाक ब्यूरो द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष के पहले पांच महीनों में चीन के डाक उद्योग ने कुल 89.89 अरब डाक वस्तुओं का प्रबंधन किया। यह संख्या पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 4.3 प्रतिशत अधिक है। इनमें से एक्सप्रेस डिलीवरी सेवाओं की मात्रा 82.87 अरब पार्सल रही, जो सालाना आधार पर 5.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है।
व्यापारिक श्रेणियों के अनुसार, जनवरी से मई के दौरान शहर के भीतर एक्सप्रेस डिलीवरी की मात्रा 5.88 अरब पार्सल रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 8.5 प्रतिशत कम है। वहीं, शहरों के बीच एक्सप्रेस डिलीवरी की मात्रा 75.22 अरब पार्सल तक पहुंच गई, जिसमें 6.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय तथा हांगकांग, मकाऊ और थाईवान से संबंधित एक्सप्रेस डिलीवरी की मात्रा 1.78 अरब पार्सल रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7.4 प्रतिशत अधिक है।
पहले पांच महीनों के दौरान चीन का एक्सप्रेस डिलीवरी बाजार लगातार विस्तार करता रहा। विभिन्न छुट्टियों के दौरान ऑनलाइन खरीदारी में बढ़ोतरी ने इस क्षेत्र को अतिरिक्त गति दी। साथ ही, एक्सप्रेस डिलीवरी कंपनियों ने अपने नेटवर्क और उपकरणों का लगातार उन्नयन और अनुकूलन किया।
चीनी राष्ट्रीय डाक ब्यूरो के विकास अनुसंधान केंद्र के रणनीतिक योजना अनुसंधान विभाग के निदेशक ल्यू च्यांग ने कहा कि उद्योग का विस्तार लगातार जारी है। बुनियादी ढांचे में सुधार हो रहा है, विभिन्न परिस्थितियों के अनुरूप सेवाओं का दायरा बढ़ रहा है, और नए मॉडल व नई तकनीकों का तेजी से उपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा की गुणवत्ता और परिचालन दक्षता में लगातार सुधार हो रहा है तथा वास्तविक अर्थव्यवस्था को समर्थन देने में डाक और एक्सप्रेस डिलीवरी उद्योग की भूमिका दिन-प्रतिदिन अधिक महत्वपूर्ण होती जा रही है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/