×

चीन के छांगशान द्वीपसमूह को मिला यूनेस्को विश्व विरासत का दर्जा

 

बीजिंग, 28 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के बुसान शहर में चल रहे यूनेस्को विश्व विरासत समिति के 48वें सत्र में सोमवार को एक अहम फैसला लिया गया।

इस सत्र में चीन के पीले सागर और पोहाई सागर तट पर स्थित प्रवासी पक्षी अभयारण्यों की सीमा बढ़ाए जाने को मंजूरी दी गई, जिसके बाद छांगशान द्वीपसमूह को आधिकारिक तौर पर विश्व विरासत सूची में शामिल कर लिया गया। चीनी राष्ट्रीय वन एवं घासभूमि प्रशासन ने इस बात की पुष्टि की है।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में भी इस विरासत स्थल का विस्तार किया गया था, और अब यह उसी कड़ी में एक और महत्वपूर्ण विस्तार है। इससे प्रवासी पक्षी अभयारण्यों की पूरी श्रृंखला और भी मजबूत तथा एकीकृत हो गई है।

बात करें छांगशान द्वीपसमूह की, तो यह पूर्वोत्तर चीन के ल्याओनिंग प्रांत के ताल्येन शहर में स्थित है। यह द्वीपसमूह पूर्वी एशिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच फैले प्रवासी मार्ग पर मौजूद एकमात्र समुद्री रास्ता है। पोहाई सागर पार करने वाले करोड़ों प्रवासी पक्षियों के लिए यह जगह ऊर्जा हासिल करने का एक बेहद जरूरी ठिकाना है।

नए जोड़े गए इस विरासत क्षेत्र का कुल दायरा 4,900 हेक्टेयर से भी ज्यादा है। जैविक संसाधनों के लिहाज से यह इलाका बेहद समृद्ध माना जाता है, और यहां अब तक 140 से अधिक पक्षी प्रजातियां दर्ज की जा चुकी हैं।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/एबीएम