×

चीन बन रहा है वैश्विक वस्तुओं के लिए बड़ा बाजार

 

बीजिंग, 21 अगस्त (आईएएनएस)। इस वर्ष के पहले सात महीनों में चीन के विशाल बाजार ने अपनी मजबूत मांग और वस्तुओं को खपाने की क्षमता का प्रदर्शन जारी रखा। इस दौरान आयात की वृद्धि लगातार निर्यात से अधिक रही। दुनिया भर से उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उत्पाद, उपभोक्ता वस्तुएं और औद्योगिक उत्पाद तेजी से चीनी बाजार में पहुंच रहे हैं।

विश्व के दूसरे सबसे बड़े आयात बाजार के रूप में चीन का आयात लगातार 17 वर्षों से वैश्विक स्तर पर दूसरे स्थान पर बना हुआ है। वर्तमान में चीन 63 देशों पर शून्य शुल्क नीति लागू कर रहा है। इस वर्ष की पहली छमाही में चीन का आयात पहली बार 100 खरब युआन से अधिक हो गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 22.1 प्रतिशत अधिक है। वहीं, 150 से अधिक देशों और क्षेत्रों की वस्तुएं सफलतापूर्वक चीनी बाजार में पहुंच रही हैं।

इस बीच, चीनी वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता ह यातोंग ने 20 अगस्त को कहा कि आयात बढ़ाने के लिए चीन की ओर से अपनाई गई सक्रिय नीतियों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। स्वतंत्र और एकतरफा उदारीकरण नीतियों का लगातार और व्यवस्थित विस्तार देश की आयात क्षमता को बढ़ा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष मई से जून के बीच अफ्रीका से चीन के आयात में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 23.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, सेब और संतरे जैसे फलों के आयात में क्रमशः 89.6 प्रतिशत और 27.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

इसके अलावा, चीन के 150 से अधिक व्यापारिक साझेदारों से आयात में भी सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। इन आंकड़ों से एक बार फिर चीन के विशाल बाजार की क्षमता सामने आती है। साथ ही, यह चीनी बाजार की मजबूती, खुलापन और लगातार बढ़ती जीवंतता को भी दर्शाता है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/