☰
×

चारधाम यात्रा ने रचा नया इतिहास, श्रद्धालुओं की संख्या 56.18 लाख के पार, 2023 का रिकॉर्ड टूटा

 

देहरादून, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड की चारधाम यात्रा ने नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 56 लाख 18 हजार 497 के आंकड़े को पार कर गई है। इसके साथ ही वर्ष 2023 में दर्ज अब तक के सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड टूट गया है।

चारधाम यात्रा के प्रति देश-दुनिया के श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। बाबा केदारनाथ, भगवान बदरीविशाल, मां गंगोत्री और मां यमुनोत्री के दर्शनों के लिए इस साल रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु देवभूमि पहुंचे हैं। यह आंकड़ा न सिर्फ एक संख्या है, बल्कि उत्तराखंड के प्रति बढ़ते धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं के अटूट विश्वास को भी दर्शाता है।

राज्य सरकार के अनुसार, इस ऐतिहासिक वृद्धि के पीछे बेहतर व्यवस्थाएं, सुरक्षित यात्रा और सुगम सुविधाएं मुख्य कारण हैं। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की थीं। यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया गया, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं को लगातार सुदृढ़ किया गया।

यात्रा के दौरान प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ सहित सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। यही वजह है कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद यात्रा बिना किसी बड़ी बाधा के सुचारू रूप से चल रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम सहित उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास से प्रदेश की आध्यात्मिक पहचान को नई मजबूती मिली है। केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य, बदरीनाथ मास्टर प्लान और ऑल वेदर रोड जैसी परियोजनाओं से कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, जिसका सीधा असर यात्री सुविधाओं और श्रद्धालुओं की संख्या पर देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु हमारा अतिथि है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद हो। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में विकसित हो रही बेहतर सुविधाओं और श्रद्धालुओं के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, स्थानीय निकायों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय लोगों और यात्रा व्यवस्था से जुड़े सभी कार्मिकों के प्रयासों की भी सराहना की।

--आईएएनएस

एससीएच