चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे तीर्थयात्री, उनकी सुरक्षा और सुविधा हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण: सीएम धामी
देहरादून, 2 जून (आईएएनएस)। चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करने हेतु एसओपी तैयार करने एवं रात्रि 10 बजे से सुबह 4 बजे तक यात्रा मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम धामी ने कहा कि तीर्थयात्रा के पहले चरण के दौरान, रिकॉर्ड संख्या में तीर्थयात्रियों ने चार धाम मंदिरों के दर्शन किए। पिछले वर्षों की तुलना में तीर्थयात्रियों की संख्या काफी अधिक रही है। तीर्थयात्रियों की संख्या में हुई इस वृद्धि के कारण, प्रशासन, मंदिर समितियों और धार्मिक संगठनों को कुछ स्थानों पर व्यवस्थाओं के प्रबंधन में चुनौतियों का सामना करना पड़ा। अब मानसून का मौसम नजदीक आ रहा है और तीर्थयात्रा अपने अगले चरण में प्रवेश कर रही है, इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और कुशल तरीके से काम करती रहें। दर्शन के लिए आने वाले तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी। हमने सड़कों की स्थिति, पेयजल सुविधाओं, आवास, दर्शन की व्यवस्था, हेलीकॉप्टर सेवाओं और परिवहन सुविधाओं की भी समीक्षा की है।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों अधिक संख्या होने के कारण कहीं-कहीं यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिसका संज्ञान लिया गया है। रास्तों, पानी, आवास, दर्शन व्यवस्था, हेली सेवाओं, परिवहन और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर समीक्षा की गई है। जिन संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन या आपदा की संभावना रहती है, उन्हें चिन्हित कर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। होल्डिंग जोन और यात्रा प्रारंभ स्थलों पर भी पेयजल, शौचालय और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे समय में भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं। उन्हें यह अच्छा नहीं लग रहा कि चारधाम में देश और दुनिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। वे वीडियो बनाकर अपलोड करते हैं और चारधाम यात्रा की छवि खराब करने का प्रयास करते हैं। शायद उन्हें यह अच्छा नहीं लग रहा कि होटल पूरी तरह बुक हैं, टैक्सी चालकों, व्यापारियों और होमस्टे संचालकों का काम चल रहा है तथा रोजगार का सृजन हो रहा है। ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी के मित्र और अन्य लोग भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं। राजनीति करनी चाहिए, लेकिन जिस चारधाम यात्रा से प्रदेश की आजीविका चलती है और जो सनातन की यात्रा है, उसका विरोध कर वे क्या संदेश देना चाहते हैं।
सीएम ने एक्स पोस्ट में कहा कि चारधाम यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं और आगे भी इनकी संख्या तेजी से बढ़ेगी। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों का व्यापार भी बढ़ रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन स्थलों पर श्रद्धालुओं को रोका या ठहराया जा रहा है, वहां मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था हो। अधिकारियों को मानसून के दृष्टिगत यात्रा मार्ग पर संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की 24 घंटे निगरानी करने, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस एवं प्रशासन की समन्वित तैनाती करने, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, मेडिकल सुविधाओं और आपदा राहत संसाधनों को पूर्णत सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी