☰
×

चंडीगढ़ ट्रैफिक एडवाइजरी : 11 अक्टूबर को मैराथन के चलते ट्रैफिक डायवर्जन, सुबह 5 से 9:30 बजे तक लागू रहेंगे प्रतिबंध

 

चंडीगढ़, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। चंडीगढ़ शहर में गुरुवार को आयोजित होने वाली मैराथन के मद्देनजर चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत रविवार सुबह 5 बजे से सुबह 9:30 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को डायवर्ट और नियंत्रित किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वह प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें और अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, कैपिटल कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-1 से हाईकोर्ट चौक, ओल्ड बैरिकेड चौक और सुखना लेक की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। इसके अलावा हीरा सिंह चौक की ओर दाएं मुड़ने, पंजाब लोक भवन रोड से किशनगढ़ मोड़ की ओर बाएं मुड़ने तथा सेंट कबीर लाइट पॉइंट की ओर दाएं मुड़ने वाले मार्गों पर भी ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा।

इसी तरह शास्त्री नगर लाइट पॉइंट की ओर बाएं मुड़ने, किशनगढ़ चौक और ललित होटल की ओर बाएं मुड़ने वाले रास्तों पर भी यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। वहीं, आईटी पार्क लाइट पॉइंट से यू-टर्न लेने वाले मार्ग पर भी ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। इन मार्गों पर मैराथन के आयोजन को सुचारु बनाने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों और अन्य यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित समय के दौरान प्रभावित मार्गों से गुजरने से बचें और मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक संबंधी ताजा जानकारी के लिए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर नजर रखने की अपील भी की है। ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि मैराथन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के निर्देशों के अनुसार चलने की अपील की है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम