×

चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर हुआ विस्फोट चिंता का विषय: राजा वाडिंग

 

नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। चंडीगढ़ में भाजपा ऑफिस के बाहर बुधवार को एक धमाका हुआ। धमाके की जांच की जा रही है। इस बीच पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने इस घटना की निंदा की, इसके साथ ही सुरक्षा और खुफिया विफलता को लेकर सवाल उठाया है।

राजा वडिंग ने चंडीगढ़ में भाजपा ऑफिस के बाहर हुए धमाके की निंदा की और कहा कि यह पूरी तरह से सुरक्षा और खुफिया विफलता को दर्शाता है, जिसकी जिम्मेदारी केंद्रीय गृह मंत्रालय पर है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिखा और कहा कि मैं आज चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर हुए विस्फोट की कड़ी निंदा करता हूं। यह एक गंभीर चिंता का विषय है। शुक्र है कि कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।

उन्होंने आगे लिखा कि साथ ही, यह पूरी तरह से सुरक्षा और खुफिया विफलता को दर्शाता है, जिसकी जिम्मेदारी केंद्रीय गृह मंत्रालय पर है।

अगर इतनी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद दो राज्यपालों और दो मुख्यमंत्रियों का घर चंडीगढ़, पंजाब की राजधानी, सुरक्षित नहीं है, तो बाकी पंजाब की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस मामले की तह तक जाएगी और सभी पहलुओं की जांच करके दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करेगी। उन्होंने कहा कि हम इस तरह की किसी भी घटना के प्रति शून्य सहिष्णुता की अपनी नीति को दोहराते हैं।

बता दें कि शाम करीब 5 बजे चंडीगढ़ भाजपा ऑफिस के बाहर धमाका हुआ। इस धमाके को लेकर चंडीगढ़ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कनवरदीप कौर के अनुसार, धमाके में क्रूड मटेरियल शामिल होने का संदेह है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कनवरदीप कौर ने मीडिया को बताया कि लगभग 5 बजे पुलिस को भाजपा कार्यालय के बाहर जोरदार धमाके जैसी आवाज की जानकारी मिली।

एसएसपी कौर ने कहा, "मेरी टीम और मैं तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक तौर पर लगता है कि यहां कुछ कच्चा पदार्थ फेंका गया हो सकता है। एनआईए और एफएसएल की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं।"

--आईएएनएस

एएमटी/डीएससी