चाईबासा में 11 वर्षीय बच्ची की हत्या कर जंगल में फेंका शव, चाचा गिरफ्तार
चाईबासा, 15 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकुरसाई गांव में एक 11 वर्षीय बच्ची की नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी उसके चाचा सन्नी गोप को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर गांव के समीप स्थित जंगल से बच्ची का शव बरामद कर लिया है।
मृतका की पहचान सिकुरसाई गांव निवासी लक्ष्मी गोप (11 वर्ष) के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी बीते गुरुवार से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थी।
परिवारवालों का आरोप है कि उस दिन आरोपी सन्नी गोप बच्ची को खाने-पीने का सामान दिलाने का लालच देकर अपने साथ घर से बाहर ले गया था। इसके बाद देर शाम तक बच्ची वापस घर नहीं लौटी। जब चिंतित परिजनों ने सन्नी गोप से बच्ची के बारे में पूछताछ की, तो उसने गुमराह करते हुए कहा कि वह लक्ष्मी को रास्ते में गांव के पास ही छोड़कर चला आया था।
परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां बच्ची की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। किसी अनहोनी की आशंका से घबराए परिजनों ने अंततः पुलिस को पूरे मामले की लिखित सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संदेह के आधार पर शनिवार को आरोपी ताऊ सन्नी गोप को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने पास के जंगल में तलाशी अभियान चलाकर रविवार को मासूम लक्ष्मी का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे छिपे वास्तविक कारणों की तह तक जाने में जुटी हुई है, क्योंकि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने वारदात की स्पष्ट वजह नहीं बताई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों तथा घटना से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं पर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके