सेंचुरी ऑफ स्पोर्टिंग यूनिटी इवेंट : 2-2 से ड्रॉ रहा भारत-न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का आखिरी मुकाबला
ऑकलैंड, 22 नवंबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के ऑकलैंड के लॉयड एल्स्मोर हॉकी स्टेडियम में खेले गए 'सेंचुरी ऑफ स्पोर्टिंग यूनिटी' इवेंट के तीसरे और आखिरी मैच में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का मुकाबला मेजबान न्यूजीलैंड के साथ 2-2 से ड्रॉ रहा।
इस नतीजे के साथ भारत ने तीन मैचों की यह सीरीज बिना कोई मैच हारे समाप्त की। भारत ने 19 नवंबर को खेले गए पहले मैच में 3-2 से जीत दर्ज की थी, जिसके बाद अगले दो मैच 2-2 से ड्रॉ रहे।
मैच में न्यूजीलैंड ने शानदार शुरुआत की और 9वें मिनट में डायलन थॉमस ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। भारत ने इसका अच्छा जवाब दिया और 16वें मिनट में कप्तान संजय ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके ठीक दो मिनट बाद, 18वें मिनट में कार्थी सेल्वम ने फील्ड गोल करके भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।
भारत ने मैच के अंतिम चरणों तक अपनी बढ़त बनाए रखी, लेकिन न्यूजीलैंड लगातार बराबरी करने की कोशिश करता रहा। उसकी मेहनत 55वें मिनट में रंग लाई, जब बेंजी कलहेन ने फील्ड गोल करके स्कोर 2-2 कर दिया। दोनों टीमों ने मैच के अंत में जीत हासिल करने की कोशिश की, लेकिन कोई भी टीम निर्णायक गोल नहीं कर सकी और मुकाबला 2-2 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
तीन मैचों की यह सीरीज भारत और न्यूजीलैंड के बीच 100 वर्षों के खेल संबंधों का जश्न मनाने के लिए आयोजित की गई थी। इन संबंधों की शुरुआत 1926 में हुई थी, जब महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के नेतृत्व में भारतीय सेना की हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था। इस शताब्दी समारोह ने दोनों देशों को अपने साझा खेल इतिहास का जश्न मनाने और हॉकी के क्षेत्र में अपने संबंधों को और मजबूत करने का अवसर दिया।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम