☰
×

सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भुवनेश्वर में इंडिया ब्लॉक का प्रदर्शन

 

भुवनेश्वर, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने रविवार को लोअर पीएमजी पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और दिल्ली विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ज्यादतियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। सीनियर कांग्रेस नेता संतोष सिंह सलूजा ने पुलिस पर महिला प्रदर्शनकारियों के साथ बुरा बर्ताव करने का आरोप लगाया और वोटर लिस्ट में बदलाव की प्रक्रिया के दौरान वोटर्स के नाम हटाए जाने पर चिंता जताई और वोटिंग अधिकारों की पारदर्शिता और सुरक्षा की मांग की।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता संतोष सिंह सलूजा ने कहा, "इंडिया ब्लॉक की तरफ से दिल्ली में विरोध प्रदर्शन हो रहा था। इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी कर रहे थे। इसके अलावा सीजेपी भी थी और भारत के जागरूक लोग, जेन-जी और सभी तरह के लोग इसमें शामिल हुए थे। ये एक ऐसा मुद्दा है, जो गणतंत्र की हत्या करता है। प्रत्येक व्यक्ति को वोट देने का अधिकार है, जिससे गणतंत्र सुदृढ़ हो और उसकी रक्षा हो।"

उन्होंने कहा कि गणतंत्र की हत्या करने वाले मुख्य निर्वाचन आयुक्त जिस तरह से एसआईआर के नाम पर निर्वाचन करवा रहे हैं, फॉर्म-6 में काट-छांट कर रहे हैं। इसका दो आयुक्तों ने विरोध किया फिर भी उन्होंने मनमाने ढंग से काम किया। इसकी वजह से भारत के लगभग 13 करोड़ वोट कट गए।

संतोष सिंह सलूजा ने कहा कि ओडिशा में तीन हजार से ज्यादा वोटों को जोड़ा गया है, जो 18 साल से ऊपर हैं और एसआईआर में छूट गए थे। 6 महीने में 13 करोड़ कोई कम आंकड़ा नहीं है। इतने बड़े आंकड़ों के साथ भाजपा ने कई राज्यों में जीत हासिल कर ली। इंडिया ब्लॉक का मुख्य मुद्दा ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेने का है। उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में शनिवार को जिस तरह से पुलिस गुंडा बनकर अत्याचार कर रही थी। भाजपा और आरएसएस के कार्यकर्ता साथ में मिल गए और जिस तरह से उन्होंने लड़कियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, जो कि स्वीकार्य नहीं है, उसका विरोध करते हुए महात्मा गांधी मार्ग में हमने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया।

--आईएएनएस

केके/वीसी