×

सीबीआई ने मेरठ कैंट बोर्ड के मनोनीत सदस्य को 3 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार

 

नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित कैंटोनमेंट बोर्ड के एक मनोनीत सदस्य को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 30 मई को सामने आई है जबकि मामले में प्रारंभिक एफआईआर 29 मई को दर्ज की गई थी। सीबीआई ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

सीबीआई के अनुसार यह पूरा मामला मेरठ कैंट क्षेत्र के गांधी बाग से जुड़ा हुआ है, जहां पार्किंग, कैंटीन और प्रवेश शुल्क वसूली से संबंधित टेंडर प्रक्रिया चल रही थी। आरोप है कि कैंटोनमेंट बोर्ड के मनोनीत सदस्य ने इस टेंडर को सुचारू रूप से जारी रखने और संबंधित फर्म के संचालन में किसी तरह की बाधा न आने देने के बदले तीन लाख की अवैध रिश्वत की मांग की थी।

यह टेंडर एक निजी फर्म को दिया गया था, जिसका संचालन शिकायतकर्ता अपनी मां की ओर से देख रहा था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार दबाव बना रहा था और काम को बिना किसी रुकावट के जारी रखने के लिए पैसे की मांग कर रहा था। इस शिकायत के आधार पर सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की और आरोपों की पुष्टि के लिए एक रणनीति तैयार की।

29 मई को सीबीआई ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी शिकायतकर्ता से 3 लाख रुपये की राशि स्वीकार कर रहा था। इस कार्रवाई के बाद उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को गाजियाबाद स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया जा रहा है। सीबीआई अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस प्रकरण में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है या फिर यह भ्रष्टाचार का कोई बड़ा नेटवर्क है।

फिलहाल इस कार्रवाई से कैंटोनमेंट बोर्ड से जुड़े प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है और मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

--आईएएनएस

एसएचके/पीएम