सीबीआई ने केसीसी लोन फ्रॉड केस में 21 साल से फरार आरोपी को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। केसीसी लोन फ्रॉड केस में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) ने 21 साल से फरार आरोपी कंवर लाल लखोटिया को गिरफ्तार किया।
कंवर लाल लखोटिया लगभग 2.08 करोड़ रुपए के बैंक फ्रॉड केस में 21 साल से ज्यादा समय से फरार था। इस मामले में स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर (एसबीबीजे), जिला बीकानेर, राजस्थान की झालू ब्रांच में 99 केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) लोन को गलत तरीके से मंजूरी और बांटने का मामला शामिल था।
फरार रहने के दौरान आरोपी ने राजकुमार माहेश्वरी नाम से अपनी पहचान छिपाई थी और पुलिस से बचने के लिए नकली पहचान के कागजात का इस्तेमाल किया था।
इंटेलिजेंस इनपुट और लगातार कोशिशों के आधार पर सीबीआई की एक टीम ने गुरुवार को गुजरात के सूरत से आरोपी को सफलतापूर्वक ढूंढ निकाला और पकड़ लिया।
बता दें कि एक दिन पहले सीबीआई ने बुधवार को चीन में मानव तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है।
एक आधिकारिक बयान में सीबीआई ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बड़ौत में बिनौली रोड से एक घोषित अपराधी, कुलदीप उर्फ कुलदीप कपूर को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी चीन में मानव तस्करी से जुड़े एक मामले में की गई है।
इस मामले को सीबीआई ने 7 जुलाई 2017 को एक शिकायत के आधार पर रोशन फर्नांडो, कुलदीप कपूर और अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज किया था। आरोप है कि इन लोगों ने धोखाधड़ी और बेईमानी से एक महिला को चीन में नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
पीड़िता ने इन आरोपियों को किश्तों में 1 लाख रुपए का भुगतान किया था। पीड़िता को कुछ अन्य लोगों के साथ चीन भेज दिया गया। वहां उसने एक मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री में काम किया, लेकिन 14 मार्च 2017 को उसे चीनी पुलिस ने पकड़ लिया। बाद में, चीन में भारतीय दूतावास के अधिकारियों की मदद से पीड़िता और अन्य लोगों को वापस स्वदेश लाया गया। वह महिला नेपाल की नागरिक थी, इसलिए उसे 13 अप्रैल 2017 को काठमांडू, नेपाल भेज दिया गया।
जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने 30 सितंबर 2019 को नई दिल्ली की एसीजेएम, आरएडीसी अदालत में रोशन फर्नांडो और कुलदीप उर्फ कुलदीप कपूर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। यह मामला अभी अदालत में विचाराधीन है। कानूनी कार्यवाही से बचने के कारण अदालत ने 19 जनवरी 2023 को कुलदीप उर्फ कुलदीप कपूर को 'घोषित अपराधी' करार दिया था।
--आईएएनएस
डीकेपी/