करोड़पति बनाने का झांसा देने वाले महादेव ऐप पर सीबीआई का फंदा कसा: 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर एक साथ छापा
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने ऐप से जुड़े पैनल ऑपरेटरों के खिलाफ छह राज्यों में एक साथ 33 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई जगहों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल पकड़े गए और उन्हें बंद कराया गया। CBI ने कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं।
जांच एजेंसी के मुताबिक, जब्त किए गए सामान की जांच में म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल से जुड़े सुराग मिले हैं। CBI अब इस पूरे नेटवर्क की वित्तीय गतिविधियों और विदेश में मौजूद आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
CBI के अनुसार, महादेव ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर 1 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 12 नवंबर को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जो 19 नवंबर तक जारी रहेगी। एजेंसी अब विदेश में मौजूद अन्य आरोपियों और नेटवर्क को मदद पहुंचाने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है।
आज की 5 अन्य बड़ी खबरें
1. रामलीला मैदान में प्रदर्शन के लिए नए नियम, 50 हजार से ज्यादा लोगों को अनुमति नहीं
दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में होने वाली रैलियों और प्रदर्शनों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नए नियमों के मुताबिक, किसी भी कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लोग शामिल नहीं हो सकेंगे। प्रदर्शन और रैली का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ही किया जा सकेगा।
आयोजकों को कार्यक्रम से कम से कम 10 दिन पहले आवेदन करना होगा। इसके साथ ही दिल्ली नगर निगम से जरूरी अनुमति लेना भी अनिवार्य होगा। ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था के लिए आयोजकों को पुलिस के साथ समन्वय करना पड़ेगा। सड़क, फुटपाथ और आपातकालीन रास्तों को बंद करने की अनुमति नहीं होगी।
2. छठ पूजा के बीच दिल्ली से पटना का हवाई किराया 18 हजार रुपये पहुंचा
छठ पूजा और शादी के सीजन में हवाई यात्रा करने वालों की जेब पर बोझ बढ़ गया है। पिछले 15 दिनों में कई घरेलू रूटों पर हवाई किराया करीब 50 फीसदी तक बढ़ने का दावा किया जा रहा है।
व्यापारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को पत्र लिखकर बढ़ते किरायों पर नियंत्रण लगाने और टिकटों की अधिकतम कीमत तय करने की मांग की है।
संगठन के मुताबिक, दिल्ली से पटना का हवाई किराया करीब 18 हजार रुपये और दरभंगा का 20 हजार रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, दिल्ली से मुंबई का किराया लगभग 15 हजार, बेंगलुरु का 16 से 18 हजार, अहमदाबाद का 11 हजार और हैदराबाद का 11 से 15 हजार रुपये तक बताया जा रहा है।
CTI अध्यक्ष बृजेश गोयल का कहना है कि कुछ दिन पहले तक इन रूटों पर टिकट लगभग आधी कीमत में उपलब्ध थे। त्योहारों के समय अचानक किराया बढ़ने से यात्रियों को परेशानी हो रही है।
3. दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट पर आपत्ति, गानों और बुलेट बेल्ट पर रोक की मांग
गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम को लेकर अहमदाबाद जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर कुछ पाबंदियां लगाने की मांग की है।
DCPU ने शराब, ड्रग्स और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गानों पर रोक लगाने की अपील की है। इसके अलावा, बच्चों को स्टेज पर नहीं बुलाने और कलाकारों या अन्य लोगों को कारतूस अथवा बुलेट बेल्ट पहनने की अनुमति नहीं देने की मांग भी की गई है।
बताया गया है कि यह पत्र 6 नवंबर को पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत को भेजा गया था।
4. भगवंत मान को लाहौर जाने के लिए नहीं मिल सकती केंद्र की मंजूरी
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पाकिस्तान दौरे को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उन्हें लाहौर में आयोजित होने वाली चौथी इंटरनेशनल पंजाबी कॉन्फ्रेंस में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। यह कार्यक्रम 27 से 29 नवंबर तक आयोजित होना है।
हालांकि, मुख्यमंत्री के तौर पर विदेश यात्रा करने के लिए केंद्र सरकार से राजनीतिक मंजूरी यानी पॉलिटिकल क्लीयरेंस लेना जरूरी है। शुक्रवार को केंद्र की ओर से मिले संकेतों के बाद उनके इस दौरे को मंजूरी मिलने की संभावना कम बताई जा रही है।
5. जाकिर नाइक के संगठन IRF पर प्रतिबंध पांच साल बढ़ाया
केंद्र सरकार ने इस्लामिक धर्म प्रचारक जाकिर नाइक से जुड़े संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) पर प्रतिबंध की अवधि पांच साल के लिए बढ़ा दी है। गृह मंत्रालय ने संगठन को गैरकानूनी घोषित करने से जुड़े प्रतिबंध को आगे जारी रखने का फैसला किया है।
संगठन पर पहले से प्रतिबंध लागू था, जिसकी अवधि 14 नवंबर को समाप्त हो रही थी। गृह मंत्रालय के मुताबिक, संगठन पर सांप्रदायिक नफरत फैलाने जैसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। सरकार ने इसी आधार पर प्रतिबंध को अगले पांच साल तक बढ़ाया है।