×

सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया रेलवे का जूनियर इंजीनियर

 

नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के एक जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 17 मार्च को हुई।

गिरफ्तार आरोपी झारखंड के बोकारो जिले के भोजूडीह में साउथ ईस्टर्न रेलवे के आद्रा डिवीजन में तैनात था और साइट इंजीनियर के रूप में कार्य कर रहा था। सीबीआई के अनुसार, आरोपी ने एक निजी कंपनी के साइट ऑफिस में बिजली कनेक्शन देने के बदले 15,000 रुपए की रिश्वत की मांग की थी।

इस शिकायत के आधार पर सीबीआई ने 16 मार्च को मामला दर्ज किया और फिर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

सीबीआई टीम ने तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही आरोपी के कार्यालय और उसके आवास पर भी तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया, जो खबर लिखे जाने तक जारी था।

सीबीआई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को जल्द ही सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है और आगे अन्य खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

इस कार्रवाई को रेलवे और अन्य सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। सीबीआई की इस मुहिम से यह साफ संकेत मिलता है कि रिश्वतखोरी के मामलों में अब किसी भी तरह की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

--आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम