×

कैरेबियन क्षेत्र में अमेरिकी सेना ने ड्रग्स तस्करी में शामिल नाव पर किया हमला, चार की मौत

 

वॉशिंगटन, 20 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी सेना ने ड्रग्स की तस्करी मामले में इस बार कैरेबियन क्षेत्र में कार्रवाई को अंजाम द‍िया। अमेरिकी साउथ कमांड (साउथकॉम) के निर्देश पर फोर्स ने तस्‍करी में शाम‍िल एक नाव को न‍िशान बनाया। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई।

साउथकॉम ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट किया, ''शन‍िवार को जॉइंट टास्क फोर्स वेस्टर्न हेमिस्फियर ने कैरेबियन क्षेत्र में ड्रग्स की तस्करी के लिए इस्तेमाल होने वाले तय रास्तों पर चल रही एक तेज रफ्तार नाव पर सैन्य हमला किया।''

अमेरिकी साउथ कमांड के बयान अनुसार, खुफिया जानकारी से पुष्टि हुई थी कि यह नाव ड्रग्स की तस्करी में सक्रिय रूप से शामिल थी। इस कार्रवाई में चार लोगों की मौत हुई, जिन्हें बयान में 'नार्को-टेररिस्ट' यानी ड्रग्स की तस्करी से जुड़े आतंकवादी बताया गया है।

ड्रग तस्‍करी को लेकर अमेरिकी साउथ कमांड की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले बुधवार को भी अमेरिकी साउथ कमांड (साउथकॉम) के न‍िर्देश पर जॉइंट टास्क फोर्स वेस्टर्न हेमिस्फियर (जेटीएफ-डब्‍ल्‍यूएचईएम) की टीम ने फ्लोटिंग रिफ्यूलिंग स्टेशन पर कार्रवाई की थी ।

साउथकॉम ने बताया, ''बुधवार को साउथकॉम के निर्देश पर जॉइंट टास्क फोर्स वेस्टर्न हेमिस्फियर (जेटीएफ-डब्‍ल्‍यूएचईएम) की टीम ने पूर्वी प्रशांत महासागर में समुद्री ड्रग तस्करी में इस्तेमाल हो रहे एक तैरते हुए ईंधन आपूर्ति केंद्र (फ्लोटिंग रिफ्यूलिंग स्टेशन) को सफलतापूर्वक रोक लिया।''

उससे पहले मंगलवार को भी अमेरिकी साउथ कमांड (साउथकॉम) ने पूर्वी प्रशांत महासागर में नशा तस्‍करी के ख‍िलाफ एक और कार्रवाई को अंजाम द‍िया। साउथकॉम के न‍िर्देश पर जॉइंट टास्क फोर्स वेस्टर्न हेमिस्फियर (जेटीएफ-डब्‍ल्‍यूएचईएम) की टीम ने फ्लोटिंग रिफ्यूलिंग स्टेशन को डुबो द‍िया।

इससे पहले भी 7 सितंबर को यूएस साउथ कमांड के निर्देश पर जॉइंट टास्क फोर्स वेस्टर्न हेमिस्फियर (जेटीएफ-डब्‍ल्‍यूएचईएम) की टीम ने पूर्वी प्रशांत महासागर में समुद्र के रास्ते होने वाली अवैध ड्रग तस्करी गतिविधियों का समर्थन कर रहे एक तैरते हुए आपूर्ति स्टेशन जहाज को सफलतापूर्वक रोककर डुबो द‍िया था।

साउथकॉम ने कहा क‍ि जेटीएफ-डब्‍ल्‍यूएचईएम पश्चिमी गोलार्ध में ड्रग तस्करी को बढ़ावा देने वाले लॉजिस्टिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए सटीक और पेशेवर अभियान चलाना जारी रखे हुए है।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी