×

कैनेडियन ओपन: बेन शेल्टन ने लगातार दूसरी बार जीता खिताब, फाइनल में ब्रैंडन नाकाशिमा को हराया

 

मॉन्ट्रियल, 14 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका के बेन शेल्टन ने लगातार दूसरी बार कैनेडियन ओपन का खिताब जीत लिया है। गुरुवार को मॉन्ट्रियल में खेले गए फाइनल मुकाबले में शेल्टन ने हमवतन पांचवीं सीड ब्रैंडन नाकाशिमा को 6-3, 7-6(4) से खिताब जीता। शेल्टन का यह दूसरा एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब है।

बेन शेल्टन खिताबी जीत के साथ ही इस सदी में एंडी मरे (2009-10), नोवाक जोकोविच (2011-12), और राफेल नडाल (2018-19) के बाद अपने कनाडा ओपन खिताब को सफलतापूर्वक डिफेंड करने वाले चौथे व्यक्ति बन गए। शेल्टन बिना कोई सेट गंवाए खिताब जीता।

खिताबी जीत के बाद बेन शेल्टन ने कहा, "इस सप्ताह जिस तरह से मैंने खेला और इस ड्रॉ तक पहुंचा, वह मेरी मेहनत को दिखाता है। यह मेरी मानसिक दृढता, इस सप्ताह जो कुछ भी हो रहा था, उस पर फोकस करने की मेरी क्षमता को भी दिखाता है।"

एक घंटे 27 मिनट में अपनी जीत पक्की करने के लिए एक जबरदस्त फोरहैंड विनर लगाने के बाद, शेल्टन अपने प्लेयर बॉक्स की तरफ मुस्कुराए और कोर्ट की तरफ इशारा किया। इसके बाद कोर्ट पर वापस आकर शेल्टन ने जीत की खुशी में हुंकार भरी। इसके बाद उन्होंने अपने परिवार को गले लगाया और उनके साथ इस पल का जश्न मनाया। 23 साल के शेल्टन का लगातार दूसरी बार कनाडा ओपन जीतना टेनिस की दुनिया में एक बड़े स्टार के उदय का संकेत है।

मॉन्ट्रियल में साथी अमेरिकी नाकाशिमा को हराकर, शेल्टन ने इस सीजन में अपना चौथा खिताब जीता। इससे पहले 2026 में डलास, म्यूनिख और स्टटगार्ट में वे जीत हासिल कर चुके हैं। अमेरिकी खिलाड़ी के नाम अब सात एटीपी टूर खिताब हैं।

नाकाशिमा अपने पहले मास्टर्स 1000 फाइनल में हिस्सा ले रहे थे और अपना दूसरा एटीपी टूर टाइटल जीतने की कोशिश कर रहे थे। नाकाशिमा ने अपना पहला खिताब 2022 में सैन डिएगो में जीता था।

--आईएएनएस

पीएके