सीए ने बांग्लादेश वनडे और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की घोषणा की
नई दिल्ली, 30 सितंबर (आईएएनएस)। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने बांग्लादेश वनडे सीरीज और न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। कप्तान सोफी मोलिनक्स और लूसी हैमिल्टन चोट के कारण बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गई हैं। दोनों खिलाड़ियों के न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के दौरान टीम में लौटने की संभावना है।
मोलिनक्स और हैमिल्टन को बांग्लादेश और न्यूजीलैंड सीरीज के लिए चुनी गई 14 खिलाड़ियों की संयुक्त टीम में शामिल किया गया है। ताहलिया मैकग्राथ 9 से 14 अक्टूबर तक ब्रिस्बेन में बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करेंगी। मोलिनक्स अगर न्यूजीलैंड सीरीज से भी बाहर रहती हैं, तो इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी उप-कप्तान एश्ले गार्डनर कर सकती हैं।
डार्सी ब्राउन इंजरी की वजह से दोनों सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं, जबकि ग्रेस हैरिस को टीम से ड्रॉप किया गया है।
राष्ट्रीय चयनकर्ता फ्लेग्लर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मोलिनक्स जब 'द हंड्रेड' से वापस आई थीं, तभी उन्हें चोट लगी थी। शुरू में चोट काफी मामूली लग रही थी, लेकिन वह अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हैं। उम्मीद है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज तक वह फिट हो जाएंगी।"
फ्लेग्लर ने मोलिनक्स की अनुपस्थिति में एश्ले गार्डनर के न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान कप्तानी करने की बात कही।
एश्ले गार्डनर हाल के दिनों में अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रही हैं। फ्लेग्लर ने कहा कि उनकी जिंदगी से जुड़े विषय क्रिकेट को प्रभावित नहीं करेंगे। अगर उन्हें कप्तानी का मौका मिलता है, तो वह अच्छा काम करेंगी।
लूसी हैमिल्टन के बारे में राष्ट्रीय चयनकर्ता ने कहा कि उन्हें ट्रेनिंग के दौरान क्वाड में हल्का खिंचाव आया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए वह फिट हो जाएंगी।
उन्होंने कहा, "डार्सी ब्राउन चोट के कारण कुछ समय के लिए बाहर हो सकती हैं। उनकी पीठ में डिस्क की थोड़ी दिक्कत है, जिसे वह ठीक करने की कोशिश कर रही हैं। उम्मीद है कि वह विमेंस बिग बैश लीग के कुछ हिस्से के लिए वापस आ सकती हैं, जो अक्टूबर के आखिर में शुरू होगा।"
फ्लेग्लर ने कहा कि ग्रेस हैरिस का बाहर होना दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन वह आगे टीम में बनी रहेंगी।
बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम: निकोला कैरी, एश्ले गार्डनर, किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन (टी20 सीरीज के लिए), अलाना किंग, फोबे लिचफील्ड, ताहलिया मैकग्राथ, सोफी मोलिनक्स (कप्तान), बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगान स्कट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम।
--आईएएनएस
पीएके