तीन राज्यों की विधानसभा सीटों पर उपचुनाव, वीडियो में जाने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात में मतदान जारी, बांकीपुर में BJP-जनसुराज समर्थकों में झड़प
बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह 7 बजे से उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। तीनों राज्यों में मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बांकीपुर में BJP और जनसुराज समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की
बिहार की सबसे चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान के दौरान किदवईपुरी इलाके में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनसुराज के समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की की घटना सामने आई। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।यह सीट इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला भाजपा के मजबूत संगठनात्मक प्रभाव वाली सीट पर हो रहा है।
BJP का गढ़ रही है बांकीपुर सीट
बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। इस सीट का प्रतिनिधित्व नितिन नबीन लगातार पांच बार विधायक के रूप में कर चुके हैं। ऐसे में इस उपचुनाव को भाजपा की साख और प्रशांत किशोर की राजनीतिक परीक्षा, दोनों के रूप में देखा जा रहा है।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस सीट का परिणाम बिहार की राजनीति में आगे की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाएगा।
दतिया में BJP-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला कांग्रेस के घनश्याम सिंह से है। दोनों दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकी थी और अब नजर मतदान प्रतिशत तथा अंतिम नतीजों पर टिकी है।
गुजरात की मंजलपुर सीट पर भी कांटे की टक्कर
गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। दोनों दल इस सीट को प्रतिष्ठा का प्रश्न मानकर चुनाव मैदान में उतरे हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है।
3 अगस्त को आएंगे नतीजे
निर्वाचन आयोग के अनुसार, तीनों विधानसभा सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा। 3 अगस्त को मतगणना होगी और उसी दिन यह स्पष्ट हो जाएगा कि तीनों राज्यों में किस दल ने जीत दर्ज की।इन उपचुनावों के नतीजों को आगामी राजनीतिक समीकरणों और दलों की जनस्वीकृति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। खासकर बिहार की बांकीपुर सीट पर सभी की नजरें टिकी हैं, जहां पहली बार चुनावी मैदान में उतरे प्रशांत किशोर की राजनीतिक परीक्षा हो रही है।