×

दिल्ली पुलिस का एक्शन: पांच हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार, 650 क्वार्टर अवैध शराब जब्त

 

नई दिल्‍ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। राजधानी के बुराड़ी इलाके में अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दिल्ली पुलिस ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत एक व्यापक और सुनियोजित कॉम्बिंग एवं सर्च ऑपरेशन चलाया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हथियारों के साथ घूम रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से एक देसी पिस्तौल और चार चाकू बरामद किए गए। इन सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

मंगलवार की शाम 7:30 बजे से रात 12 बजे तक चले इस पांच घंटे लंबे विशेष अभियान का उद्देश्य इलाके में सक्रिय अपराधियों पर शिकंजा कसना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था। इस ऑपरेशन के दौरान उत्तरी जिले के सभी थानों और इकाइयों से करीब 150 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया, जिनमें 20 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं।

यह पूरा अभियान राजा बंथिया (डीसीपी, उत्तरी जिला) के मार्गदर्शन और रविनंदन बी.एम. (अतिरिक्त डीसीपी-I) की निगरानी में संचालित किया गया। इस दौरान कुल 26 टीमें बनाई गईं, जिनमें 10 तलाशी टीमें, 8 गश्ती टीमें, 6 पिकेट टीमें और 2 गिरफ्तारी टीमें शामिल थीं।

अभियान की शुरुआत में पिकेट टीमों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात कर इलाके की घेराबंदी की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध या अपराधी के भागने की संभावना को रोका जा सके। इसके साथ ही गश्त और तलाशी टीमों ने क्षेत्र में व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हथियारों के साथ घूम रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से एक देसी पिस्तौल और चार चाकू बरामद किए गए। इन सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

इसके अलावा, अवैध शराब की सप्लाई और बिक्री में शामिल तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 650 क्वार्टर अवैध शराब जब्त की गई। पुलिस ने इनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, नियमों के उल्लंघन के चलते 19 दोपहिया वाहनों को भी जब्त किया गया, जिन पर या तो नंबर प्लेट नहीं थी या वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।

कार्रवाई के दौरान कुल 118 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जबकि एक व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा चार व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत निवारक कार्रवाई भी की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में 25 वर्षीय निखिल (पुत्र दीपक), निवासी बाबा कॉलोनी, बुराड़ी, शामिल है, जिसका नाम पहले भी दो आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है और उसके पास से एक चाकू बरामद किया गया। इसके अलावा, 23 वर्षीय निखिल (पुत्र मनोज), निवासी तोमर कॉलोनी, बुराड़ी; 29 वर्षीय रोहित, निवासी हिमगिरी एन्क्लेव, बुराड़ी; और 22 वर्षीय आदित्य, निवासी हरिजन बस्ती, बुराड़ी, को भी गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से एक-एक चाकू बरामद हुआ। वहीं, 23 वर्षीय गौरव, निवासी मुकुंदपुर, दिल्ली, को भी पकड़ा गया, जिसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, गौरव का नाम पहले भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में दर्ज है।

इसके अतिरिक्त, अवैध शराब की सप्लाई और बिक्री में संलिप्त तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से कुल 650 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी