बसपा के राष्ट्रीय संयोजक बनने पर बोले आकाश आनंद- मायावती के भरोसे को काम से सही साबित करूंगा
लखनऊ, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद आकाश आनंद की प्रतिक्रिया सामने आई है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोमवार को आकाश आनंद को दोबारा पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त करने का ऐलान किया। इसके बाद आकाश आनंद ने मायावती का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने जो भरोसा उन पर जताया है, उसे अपने काम से सही साबित करना अब उनकी जिम्मेदारी है।
आकाश आनंद ने मायावती को संबोधित करते हुए कहा, ''बहन कु. मायावती, सादर चरणस्पर्श। आपने मुझे क्षमा किया और बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी दोबारा सौंपी। इस भरोसे के लिए मैं तहे दिल से आपका आभारी हूं और इसे मैं हल्के में कभी नहीं ले सकता हूं।''
आकाश आनंद ने कहा कि पिछले कुछ समय में उन्होंने काफी कुछ सीखा है। उनकी सबसे बड़ी सीख यह रही कि बहुजन मूवमेंट किसी एक व्यक्ति से कहीं बड़ा है।
उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और बसपा संस्थापक कांशीराम का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों ने जो रास्ता दिखाया और मायावती ने जिस रास्ते पर अपना पूरा जीवन लगाया, उस पर चलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
आकाश आनंद ने कहा कि मायावती के दिशा-निर्देशन में पार्टी और बहुजन मूवमेंट का हित उनके लिए सर्वोपरि रहेगा।
उन्होंने कहा, ''मैं अपने सभी व्यक्तिगत हितों को त्यागकर, अनुशासन और पूरी निष्ठा के साथ, संगठन को मजबूत करने के लिए दिन-रात काम करूंगा।''
आकाश आनंद ने अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर कहा कि मायावती ने एक बार फिर उन पर भरोसा किया है और अब इसे अपने काम से सही साबित करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने अपने संदेश का समापन 'जय भीम, जय भारत' के साथ किया।
इससे पहले बसपा प्रमुख मायावती ने सोमवार को आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त करने का ऐलान किया।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि पार्टी और बहुजन आंदोलन के हित को ध्यान में रखते हुए काफी सोच-विचार के बाद यह फैसला लिया गया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद अब पार्टी का काम सुचारू तरीके से चलेगा और संगठन में बार-बार बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मायावती ने कहा कि पिछले कुछ समय में आकाश आनंद के व्यक्तित्व और कार्यशैली में बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने पार्टी में वापसी के लिए हाल में आकाश आनंद द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट का भी जिक्र किया।
बसपा प्रमुख के मुताबिक, पार्टी के ज्यादातर लोगों की राय थी कि आकाश आनंद के अनुरोध को स्वीकार करते हुए उन्हें उनकी पिछली जिम्मेदारियों के साथ फिर से पार्टी के लिए काम करने का मौका दिया जाना चाहिए।
मायावती ने बताया कि आकाश आनंद के पिता आनंद कुमार और उनके छोटे भाई ईशान आनंद ने भी इस फैसले पर अपनी सहमति जताई है।
उन्होंने ईशान आनंद की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने बिना किसी पद के भी पार्टी की ओर से दी जाने वाली जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाने की बात कही है।
मायावती ने अपने फैसले को पार्टी में अनुशासन बनाए रखने से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज ही उनका बड़ा परिवार है और उसका हित तथा कल्याण उनके लिए सबसे ऊपर है।
बसपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए उन्हें पिछले दिनों कई सख्त फैसले लेने पड़े और इन फैसलों में उनके अपने भाई-बहन या परिवार के लोग भी अपवाद नहीं रहे।
उन्होंने कहा कि आकाश आनंद का व्यक्तित्व पार्टी के लिए काफी हद तक ठीक रहा है, लेकिन पिछले दिनों उनसे जुड़े कुछ कारणों की वजह से संगठन में कई बार बदलाव करने पड़े।
मायावती ने कहा कि बसपा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के त्याग, संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ी है और देश की राजनीति में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सर्वसमाज को साथ लेकर जोरदार तैयारी कर रही है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी