×

बीआरओ-जीआरईएफ भर्ती अलर्ट: ड्राफ्ट्समैन सहित 899 पदों पर आवेदन शुरू, देखें पात्रता और वेतन

 

नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) - जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स (जीआरईएफ) ने केवल पुरुष उम्मीदवारों के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके विभिन्न 899 पोस्ट/ट्रेड के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

बीआरओ-जीआरईएफ की ओर से जारी 899 रिक्तियों में ड्राफ्ट्समैन के 42, हिंदी टाइपिस्ट के 10, स्टोर कीपर टेक्निकल (एसकेटी) के 300, ऑपरेटर कम्युनिकेशन के 261, ऑपरेटर एक्सकैवेटिंग मशीनरी (ओईएम) (साधारण श्रेणी) के 207 और इलेक्ट्रीशियन के 79 पद शामिल हैं।

संबंधित पद/व्यापार में पूर्व सैनिकों (ईएसएम) और मानक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों (पीडब्ल्यूबीडी) के लिए कुल पद आरक्षित हैं, जिनमें ईएसएम के लिए ड्राफ्ट्समैन के 6, हिंदी टाइपिस्ट का 1, स्टोर कीपर टेक्निकल (एसकेटी) के 45, ऑपरेटर कम्युनिकेशन के 39, ऑपरेटर एक्सकैवेटिंग मशीनरी (ओईएम) (साधारण श्रेणी) के 31 और इलेक्ट्रीशियन के 12 पद शामिल हैं। वहीं, पीडब्ल्यूबीडी के लिए ड्राफ्ट्समैन के 3 और स्टोर कीपर टेक्निकल (एसकेटी) के 12 पद हैं।

इन सभी पोस्ट/ट्रेड के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 21 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि (सामान्य राज्य) के उम्मीदवारों के लिए 4 जुलाई एवं पूर्वोत्तर राज्य/दूरस्थ क्षेत्र के कैंडिडेट्स के लिए 19 जुलाई तय की गई है, जिनमें (असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर का लद्दाख डिवीजन, लाहौल और स्पीति, चंबा का पांगी उप-डिवीजन, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप) शामिल हैं। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान से ड्राफ्ट्समैन पद के लिए विज्ञान विषयों के साथ 12वीं उत्तीर्ण और वास्तुकला या ड्राफ्ट्समैनशिप में दो वर्षीय प्रमाण पत्र (समकक्ष) या ड्राफ्ट्समैन (सिविल) के लिए दो वर्षीय राष्ट्रीय व्यापार प्रमाण पत्र और इस क्षेत्र में एक वर्ष का व्यावहारिक अनुभव होना चाहिए।

हिंदी टाइपिस्ट पद के लिए 12वीं या समकक्ष उत्तीर्ण और हिंदी टाइपिंग आना चाहिए। स्टोर कीपर टेक्निकल (एसकेटी) के लिए 12वीं या समकक्ष उत्तीर्ण होने के साथ वाहनों या इंजीनियरिंग उपकरणों से संबंधित भंडारण का ज्ञान होना चाहिए। वहीं, स्टोर स्थापित करने में तीन वर्षों के अनुभव वाले को प्राथमिकता दी जाएगी।

ऑपरेटर (कम्युनिकेशन) पोस्ट के लिए मैट्रिकुलेशन या औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से वायरलेस ऑपरेटर या रेडियो मैकेनिक का प्रमाणपत्र या समकक्ष योग्यता। ऑपरेटर एक्सकैवेटिंग मशीनरी (ओईएम) (साधारण श्रेणी) पद के लिए मैट्रिकुलेशन या समकक्ष और भारी मोटर वाहन चलाने का ड्राइविंग लाइसेंस। इलेक्ट्रीशियन पोस्ट के लिए मैट्रिकुलेशन या समकक्ष और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से ऑटो इलेक्ट्रिशियन का प्रमाण पत्र या इलेक्ट्रिशियन के रूप में एक वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जून के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, मेरिट सूची के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी), शारीरिक माप और व्यापार परीक्षण (टीटी), प्राथमिक चिकित्सा परीक्षा (पीएमई) और दस्तावेज सत्यापन (डीवी) के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 5,200 से 20,200 रुपए के बीच और ग्रेडपे पोस्ट के अनुसार 1,900 से 2,800 रुपए के मध्य दी जाएगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी मिलेंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस (पूर्व सैनिक और पूर्व अग्निशामक सहित)/ओबीसी उम्मीदवार के लिए 50 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/मानक दिव्यांगता वाले व्यक्ति को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले बीआरओ के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे 'कमांडेंट, जीआरईएफ सेंटर, दिघी कैंप, पुणे- 411015' के पते पर डाक कर दें।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम