ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल में तकनीकी दिक्कत, हवाई सेवा में आई बाधा, लगभग 300 उड़ानें रद्द
लंदन, 8 सितंबर (आईएएनएस)। एयर ट्रैफिक कंट्रोल में तकनीकी खराबी के कारण ब्रिटेन में उड़ानों में भारी बाधा आई है, जिससे हीथ्रो और गैटविक समेत कई हवाई अड्डे प्रभावित हुए हैं। मंगलवार शाम तक उड़ानों के रद्द होने और देरी का सिलसिला जारी रहा।
फ्लाइट मॉनिटरिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, अब तक करीब 300 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। सबसे ज्यादा असर लंदन के हवाई अड्डों से उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स पर पड़ा है।
मंगलवार दोपहर खराबी की जानकारी मिलने के बाद से बहुत कम उड़ानों ने टेक-ऑफ किया है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेवा प्रदाता एनएटीएस ने शाम 5 बजे से कुछ देर पहले बताया कि उसने सिस्टम की खराबी को ठीक कर दिया है।
तीन सालों में तीसरी बड़ी घटना के बाद एयरलाइंस ने एजेंसी में बड़े सुधार की मांग फिर से उठाई है। दोपहर 2 बजे के बाद से हीथ्रो, गैटविक, मैनचेस्टर, स्टैनस्टेड और लंदन सिटी हवाई अड्डों से उड़ान भरने वाली ज्यादातर फ्लाइट्स में देरी हुई है या वे टेक-ऑफ नहीं कर पाईं।
एनालिटिक्स कंपनी सिरियम के आंकड़ों के मुताबिक, शाम 4:15 बजे तक हीथ्रो और गैटविक से आने-जाने वाली करीब 90 फ्लाइट्स रद्द हो चुकी थीं। ब्रिटेन के अन्य हवाई अड्डों, जिनमें एडिनबर्ग, बर्मिंघम, ब्रिस्टल और बेलफास्ट हवाई अड्डे शामिल हैं, से भी उड़ानें प्रभावित हुईं।
रायनएयर ने कहा कि 50 फ्लाइट्स रद्द होने से 65,000 से ज्यादा यात्री प्रभावित हुए हैं। ईजीजेट के मुताबिक, इसका असर पूरे यूरोप की उड़ानों पर पड़ा है। यूरोकंट्रोल ने कहा कि कुछ आने वाली फ्लाइट्स को विदेशी हवाई अड्डों पर रोका गया है, और शाम तक बाधा जारी रहने की संभावना है।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेवा एनएटीएस ने दोपहर 1:46 बजे कहा था कि वह एक तकनीकी समस्या की जांच कर रही है, जो उड़ानों के प्रस्थान में कुछ बाधा पैदा कर रही है। बाद में एनएटीएस ने अपनी फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम में समस्या की पहचान की और शाम 4:40 बजे ऐलान किया कि इसे ठीक कर दिया है।
हालांकि, एनएटीएस ने कहा, "हम रिकवरी के लिए अपनी एयरलाइन और एयरपोर्ट ग्राहकों के साथ मिलकर काम करना जारी रखे हुए हैं। आज लोगों की यात्रा में आई बाधा के लिए हम दिल से माफी मांगते हैं और उन्हें अपनी एयरलाइन से संपर्क बनाए रखना चाहिए।"
हीथ्रो ने पहले कहा था कि केवल प्रस्थान प्रभावित हैं, लेकिन बाद में एक बयान में पुष्टि की कि एनएटीएस की समस्या ब्रिटेन के हवाई अड्डों पर आने और जाने वाली उड़ानों को प्रभावित कर रही है।
--आईएएनएस
केके/एबीएम