×

फैक्‍ट चेक: ब्रिक्स से भारत को बाहर करने का दावा फर्जी, मई में करेगा विदेश मंत्रियों की पूर्ण बैठक की अध्यक्षता

 

नई द‍िल्‍ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। सोशल मीडिया पर 'ब्र‍िक्‍स' को लेकर भ्रामक खबरें फैलाई गईं, जिनमें दावा किया गया कि भारत को ब्रिक्स संगठन से बाहर किया जा सकता है और उसकी जगह पाकिस्तान और तुर्की को शामिल किया जाएगा। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने अपनी आधिकारिक फैक्ट चेक यूनिट के जरिए दावों को झूठा बताया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर एमईए की फैक्ट चेक यूनिट ने बुधवार को एक 'फेक न्यूज अलर्ट' जारी किया, जिसमें यूजर्स को ऑनलाइन शेयर किए जा रहे 'झूठे और बेबुनियाद दावों' के प्रति आगाह किया गया।

पोस्ट में लिखा, "कृपया सोशल मीडिया पर ऐसे झूठे और बेबुनियाद दावों और पोस्ट से सावधान रहें।"

फैक्ट चेक यूनिट ने कई वायरल पोस्ट के स्क्रीनशॉट शेयर किए, जिनमें दावा किया गया था कि भारत या तो 'ब्र‍िक्‍स' से हट रहा है, या फिर यह समूह भारत की जगह पाकिस्तान को शामिल करने की योजना बना रहा है।

इन तस्वीरों पर बड़े अक्षरों में 'फेक' लिखा हुआ था और इनमें गुमराह करने वाले दावे किए गए थे कि 'ब्र‍िक्‍स भारत को इस समूह से बाहर निकाल देगा' और 'पाकिस्तान' उसकी जगह ले लेगा।

विदेश मंत्रालय ने स्‍पष्‍ट क‍िया क‍ि 'ब्रिक्स' के भीतर भारत की भूमिका अब भी मजबूत और सक्रिय बनी हुई है। भारत अगले महीने मई में ही नई दिल्ली में ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की पूर्ण बैठक अध्यक्षता करने वाला है।

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भारत दौरे की पुष्टि खुद रूस ने की है। 14 और 15 मई को मंत्री सर्गेई लावरोव नई दिल्ली में ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की पूर्ण बैठक में हिस्सा लेंगे।

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव अगले महीने भारत आएंगे, यहां वे नई दिल्ली में होने वाली ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। रूस के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

मॉस्को में एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने बताया कि लावरोव भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर भी बातचीत करेंगे। इसमें दोनों देशों के बीच होने वाली बैठकों का कार्यक्रम, खासकर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की तैयारियां शामिल होंगी।

यह आयोग व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर काम करता है। इसके अलावा दोनों देश आपसी हित के अन्य मामलों पर भी चर्चा करेंगे।

भारत की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करने का अच्छा मौका होगी। इसमें वैश्विक शासन व्यवस्था को बेहतर बनाने और दुनिया के देशों की भूमिका बढ़ाने पर खास ध्यान दिया जाएगा।

प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने बताया कि इस वर्ष सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारी के संदर्भ में रणनीतिक साझेदारी को विकसित करने के लिए आगे के कदमों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, और ब्रिक्स के साझेदार देशों के विदेश मंत्रियों की भागीदारी भी कुछ सत्रों में संभव होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि लावरोव की भारत यात्रा के दौरान भारत के विदेश मंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी होगी, जिसमें दोनों देशों के रिश्तों के पूरे दायरे पर बात होगी। इसके अलावा उच्च और कार्य स्तर पर होने वाले आगामी संपर्कों के कार्यक्रम पर भी चर्चा होगी। अंतर-सरकारी आयोग की बैठकों की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी