ब्रिक्स समिट में पीएम मोदी ने युगांडा की उपराष्ट्रपति से की द्विपक्षीय वार्ता, प्रौद्योगिकी और निवेश सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर
नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज युगांडा गणराज्य की उपराष्ट्रपति जेसिका रोज एपेल अलुपो के साथ द्विपक्षीय बैठक की। विदेश मंत्रालय की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, दोनों नेताओं ने प्रौद्योगिकी साझेदारी, क्षमता निर्माण, ज्ञान साझाकरण, निवेश सुविधा और दोनों देशों के बीच निजी क्षेत्र के सहयोग के माध्यम से प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि भारत और युगांडा के बीच विकास साझेदारी दोनों देशों के लिए ताकत का स्रोत है। प्रधानमंत्री ने समृद्ध और विकसित युगांडा के लिए युगांडा के 'विजन 2040' को भारत के समर्थन की पुष्टि की। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि लोगों के बीच घनिष्ठ संबंध साझेदारी को मजबूती प्रदान करते हैं।
दोनों नेताओं ने ग्लोबल साउथ की आवाज को बुलंद करने के लिए द्विपक्षीय जुड़ाव को और करीबी बनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए उपराष्ट्रपति को धन्यवाद दिया।
इसके अलावा इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की सकारात्मकता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पसंद आई। ब्रिक्स समिट के दूसरे और अंतिम दिन पीएम मोदी ने विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों से मुलाकात की। इनमें सुबियांतो भी थे जिन्होंने नमस्ते की मुद्रा में हाथ जोड़ उनका अभिवादन किया।
पीएम ने इस मुलाकात को बेहद खास बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "ब्रिक्स दिल्ली समिट के दौरान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो से मिलकर बहुत अच्छा लगा। उनका अपनापन, सकारात्मक और आशावादी रवैया हमेशा दिल जीत लेता है।"प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि भारत और इंडोनेशिया कई क्षेत्रों में अपनी साझेदारी को मजबूत करते रहेंगे।
दोनों के बीच काफी आत्मीय रिश्ते हैं। नई दिल्ली को मिलाकर 2026 में दो बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के बीच मुलाकात हुई। पहली मुलाकात जकार्ता में हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी 6 से 8 जुलाई 2026 को इंडोनेशिया की राजकीय यात्रा पर जकार्ता गए थे।
--आईएएनएस
केके/वीसी