×

ब्र‍िक्‍स सम‍िट के प्रमुख लक्ष्‍यों को डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने स्‍वास्‍थ्‍य से जोड़ा, नेताओं के सामने रखीं चार मांगें

 

नई द‍िल्‍ली, 14 सितंबर (आईएएनएस)। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस ने 18वें ब्र‍िक्‍स श‍िखर सम्‍मेलन की चर्चा में शाम‍िल चार प्रमुख व‍िषय लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्‍थिरता को सीधे तौर पर स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र में प्रगत‍ि से जोड़ा। उन्‍होंने ब्र‍िक्‍स नेताओं से स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने और उसे वैश्विक विकास के केंद्र में रखने की अपील भी की।

डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट पर ल‍िखा, ''ब्र‍िक्‍स नेताओं के शिखर सम्मेलन के चार प्रमुख विषय सीधे तौर पर स्वास्थ्य से जुड़े हैं और स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रगति इन सभी लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में मदद कर सकती है।''

उन्‍होंने कहा क‍ि प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाकर, बीमारियों की निगरानी बेहतर करके, समय रहते चेतावनी देने वाली व्यवस्थाएं विकसित करके और स्थानीय स्तर पर जरूरी स्वास्थ्य उत्पादों का उत्पादन बढ़ाकर प्रमुख लक्ष्‍यों में से एक 'लचीलेपन' को आगे बढ़ाया जा सकता है।

इसी तरह विज्ञान, डिजिटल स्वास्थ्य और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए करके और इनके फायदे हर व्यक्ति तक पहुंच रहे हैं, यह सुनिश्चित करके 'नवाचार' के लक्ष्‍य को आगे बढ़ाया जा सकता है।

देशों और विभिन्न क्षेत्रों के बीच मिलकर काम करके। इसमें डब्‍लूएचओ महामारी समझौते के तहत रोगजनकों तक पहुंच और लाभ साझा करने से जुड़े प्रावधानों को अंतिम रूप देकर 'सहयोग' के लक्ष्‍य को आगे बढ़ाया जा सकता है।

इसी तरह स्वास्थ्य सेवाओं के लिए टिकाऊ वित्तीय व्यवस्था तैयार करके और वैश्विक स्वास्थ्य प्रणाली को अधिक मजबूत तथा बेहतर समन्वित बनाकर 'स्थिरता' के लक्ष्‍य को आगे बढ़ाया जा सकता है।

महानिदेशक टेड्रोस घेब्रेयसस ने ब्र‍िक्‍स नेताओं के सामने चार मांगें रखीं। उन्‍होंने कहा क‍ि अगली स्वास्थ्य आपदा या आपात स्थिति आने से पहले ही अपनी तैयारियों और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करें। नवाचार और नई तकनीकों का इस्तेमाल उन समस्याओं और क्षेत्रों के लिए करें, जिन्हें बाजार अक्सर नजरअंदाज कर देता है। देशों और विभिन्न क्षेत्रों के बीच सहयोग को केवल बातों तक सीमित न रखें, बल्कि उसे जमीन पर लागू करें। जो व्यवस्थाएं और उपलब्धियां हासिल की गई हैं, उन्हें राजनीतिक इच्छाशक्ति, प्रभावी क्रियान्वयन और जवाबदेही के जरिए लंबे समय तक बनाए रखें।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम