ब्रिक्स समिट 2026: पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का कद बढ़ा, पहलगाम हमले की निंदा पर भाजपा ने जताया गर्व
नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ब्रिक्स समिट 2026 को लेकर देशभर से प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत का वैश्विक कद लगातार बढ़ रहा है।
दिल्ली में ब्रिक्स समिट पर बात करते हुए भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का कद और लोकप्रियता बढ़ी है। यहां तक कि वे छोटे देश भी, जो भारत में निवेश नहीं करना चाहते थे और जिन्होंने हमारे बिजनेस समुदाय, किसानों या ह्यूमन रिसोर्स के लिए अपने देश के दरवाजे नहीं खोले थे, आज भारत के साथ खड़े हैं।"
वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए खटाना ने कहा, "राहुल गांधी को समय के साथ खुद को बदलना चाहिए। अपनी पार्टी को उन्हें अपडेट करना चाहिए। उन्हें अपना पुराना नजरिया बदलना चाहिए और बदलते भारत को नए नजरिए से देखना चाहिए। वैसे, इसमें उनकी कोई गलती नहीं है, क्योंकि न तो उनका शिष्टाचार से कोई लेना-देना है और न ही मूल्यों से।"
सिरसा से पब्लिक एंटरप्राइजेज ब्यूरो के चेयरमैन मोहन लाल बडोली ने कहा, "यह देश के लिए बहुत सौभाग्य की बात है और 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के भारत मंडपम में भारत द्वारा आयोजित समिट की अध्यक्षता कर रहे हैं। वह 140 करोड़ लोगों की ओर से यह जिम्मेदारी निभा रहे हैं।"
श्रीनगर में पहलगाम आतंकी हमले की ब्रिक्स नेताओं द्वारा निंदा किए जाने पर भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा, "भारत की राजधानी दिल्ली में ब्रिक्स समिट हो रही है, जहां दुनिया के बड़े और ताकतवर देशों ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। पहली बार चीन, रूस, भारत और ईरान जैसे देश पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा करने के लिए एक मंच पर आए हैं और उन्होंने संकल्प लिया है कि पूरी दुनिया से आतंकवाद को खत्म किया जाना चाहिए।"
बरेली से ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने भी ब्रिक्स घोषणा-पत्र का स्वागत किया। उन्होंने कहा, "नई दिल्ली में ब्रिक्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी किया गया घोषणा-पत्र पूरी दुनिया के लिए बहुत अहम है। इसमें दो-तीन बातें ऐसी हैं जिन पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। पहली बात, ब्रिक्स सदस्य देशों के सभी प्रमुखों ने आतंकवाद की कड़ी निंदा की और पहलगाम हमले से जुड़े घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर किए।"
बरेलवी ने बीएसपी में अंदरूनी खींचतान को लेकर कहा, "बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती काफी समय से अपने भतीजे को लेकर अंदरूनी खींचतान का सामना कर रही थीं। अब जब उन्होंने उन्हें पार्टी से हटा दिया है तो यह बीएसपी का अंदरूनी मामला है। हालांकि, मैं आकाश आनंद को सलाह देना चाहूंगा कि वे आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर के साथ मिलकर दलित समुदाय का नेतृत्व करें। उन्हें समाज को एकजुट करने और उसकी एकता को मजबूत करने के लिए चंद्रशेखर के साथ मिलकर काम करना चाहिए।"
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी