×

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान विश्व नेताओं से मिले पीएम मोदी, दिनभर की गतिविधियों का वीडियो किया साझा

 

नई दिल्ली, 11 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान दिनभर हुई महत्वपूर्ण गतिविधियों और विश्व नेताओं के साथ उनकी बैठकों की झलक दिखाई गई है।

वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा, "बिजनेस फोरम, द्विपक्षीय बैठकें और भी बहुत कुछ... आज भारत मंडपम में ये सभी गतिविधियां हुईं।"

प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए वीडियो में उन्हें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन तथा संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ द्विपक्षीय बैठकें करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में प्रधानमंत्री इन्नोप्रोम इंडिया प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए भी नजर आते हैं।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में आयोजित यह ब्रिक्स बिजनेस फोरम अब तक का सबसे बड़ा बिजनेस फोरम है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया के कई हिस्सों में व्यापारिक बाधाएं बढ़ रही हैं, भारत आर्थिक पुल बनाने का काम कर रहा है।

11 सितंबर, शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था के महत्व और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सहित बहुपक्षीय संस्थाओं में समकालीन वैश्विक परिस्थितियों के अनुरूप सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक में वैश्विक संघर्षों, समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता, सतत विकास, मानव-केंद्रित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), अक्षय ऊर्जा और वैश्विक खाद्य सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने गुटेरेस को उनके कार्यकाल के शेष समय के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियन के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता की। पिछले दो सप्ताह के भीतर दोनों नेताओं की यह दूसरी मुलाकात थी। बैठक में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स से जुड़े कार्यक्रमों में ईरान की सक्रिय भागीदारी की सराहना की और कहा कि ब्रिक्स वैश्विक दक्षिण के देशों के बीच सहयोग, नवाचार और स्थिरता की भावना को मजबूत करने की क्षमता रखता है।

दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की ताजा परिस्थितियों पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर कहा कि सभी विवादों का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से होना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र में स्थायी शांति, समुद्री व्यापार की सुरक्षा और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी मुलाकात की। इस वर्ष दोनों नेताओं की यह दूसरी बैठक थी। दोनों नेताओं ने राजनीतिक, आर्थिक, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, कौशल विकास और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने भारत में पहली बार आयोजित इन्नोप्रोम इंडिया अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक प्रदर्शनी का संयुक्त रूप से दौरा किया और इसे दोनों देशों के बीच व्यापार एवं औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

बैठक में पश्चिम एशिया और ब्लैक सी क्षेत्र की स्थिति सहित विभिन्न क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि संघर्षों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति ही सबसे प्रभावी मार्ग है तथा भारत शांति प्रयासों में योगदान देने के लिए तैयार है।

राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को 24वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए रूस आने का निमंत्रण भी दिया, जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी