BREKIANG:दिल्ली के कैफे में युवती से गैंगरेप, दो महिला सहकर्मियों समेत 3 गिरफ्तार; तीन आरोपी फरार
दिल्ली के एक कैफे में 22 साल की युवती के साथ कथित गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पीड़िता के साथ काम करने वाली दो महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और सभी छह आरोपी पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा स्थित क्रॉस रिवर मॉल के कैफे-8 में काम करते हैं। घटना सोमवार रात प्रीत विहार स्थित कैफे में हुई। बताया गया कि कैफे बंद होने के बाद युवती और उसके छह सहकर्मी वहां पार्टी करने के लिए रुक गए थे।
कैफे बंद होने के बाद दोबारा खोला गया
जानकारी के अनुसार, कैफे रात करीब 11:30 बजे बंद हो गया था। हालांकि, एक कर्मचारी के पास चाबी होने के कारण कैफे को दोबारा खोला गया। इसके बाद सभी कर्मचारियों ने वहां पार्टी की और शराब पी। सुबह करीब 3:30 बजे सभी लोग कैफे से निकले।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पार्टी के दौरान उसके दो पुरुष सहकर्मियों ने उसके साथ रेप किया। उसने दो महिला सहकर्मियों पर भी घटना में सहयोग करने और आरोपियों का समर्थन करने का आरोप लगाया है। पुलिस फिलहाल पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
सुबह 5:45 बजे थाने पहुंची पीड़िता
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद पीड़िता तुरंत थाने नहीं पहुंची थी। वह कुछ समय तक अपने एक पुरुष मित्र और दो अन्य युवतियों के साथ रही। इस दौरान की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिली है।
इसके बाद सुबह करीब 5:45 बजे पीड़िता थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी तीन आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।