ब्रीच कैंडी म्यूजिकल रोड पर रात को रहेगा सन्नाटा, स्थानीय लोगों की मांग पर बीएमसी ने किया फैसला
मुंबई, 26 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के ब्रीच कैंडी इलाके में बनी म्यूजिकल रोड को लेकर अब स्थानीय लोगों को थोड़ी राहत मिलने वाली है। ये वही रोड है जहां गाड़ियों के टायरों और सड़क पर बने खास पैटर्न की वजह से गाने जैसी आवाजें निकलती हैं। शुरुआत में ये रोड लोगों के लिए एक अलग अनुभव और मजा था लेकिन धीरे-धीरे आसपास रहने वालों के लिए परेशानी का कारण बन गई।
स्थानीय निवासियों ने लगातार शिकायत की थी कि रात के समय जब सड़क पर आवाजें सुनाई देती हैं तो नींद में खलल पड़ता है और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती है। कई लोगों ने बताया कि खासकर रात 10 बजे से सुबह तक आवाज बहुत ज्यादा हो जाती है और घर के अंदर भी यह महसूस होती है। बच्चों और बुजुर्गों पर इसका सीधा असर पड़ता है।
निवासियों की बातों को गंभीरता से लेते हुए ब्रीच कैंडी की एएलएम (एडवांस्ड लोकैलिटी मैनेजमेंट) ने महाराष्ट्र सरकार और बीएमसी कमिश्नर को पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की थी। लोगों की लगातार अपील और शिकायतों के बाद बीएमसी ने अब इस मुद्दे पर बड़ा कदम उठाया है।
बीएमसी ने तय किया है कि अब म्यूजिकल रोड को रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक पूरी तरह से बैरिकेड कर दिया जाएगा। इस दौरान इस सड़क पर कोई भी वाहन नहीं चल सकेगा यानी रात में अब गाड़ियों की आवाज से निकलने वाली म्यूजिक जैसी आवाज लोगों को परेशान नहीं करेगी। यह कदम स्थानीय निवासियों के लिए एक बड़ी राहत साबित होने वाला है।
हालांकि दिन में यह सड़क वैसे ही खुली रहेगी और लोग इसका अनुभव ले सकते हैं लेकिन रात के समय सुरक्षा और शांति को ध्यान में रखते हुए यह नियम लागू किया गया है। इससे आसपास के लोगों की नींद और दैनिक जीवन पर पड़ रहा प्रभाव कम होगा। रात के समय लोग सुकून से सो पाएंगे।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम