☰
×

BREAKING:Mumbai Underworld: मुंबई में अंडरवर्ल्ड जैसा खौफ पैदा करना चाहता है लॉरेंस बिश्नोई गैंग? टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 12वीं गिरफ्तारी

 

मुंबई में एक बार फिर अंडरवर्ल्ड जैसी दहशत पैदा करने की कोशिशों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग शहर के बड़े कारोबारियों, बिल्डरों और फिल्मी हस्तियों के बीच अपना डर कायम करना चाहता है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि गैंग पुराने अंडरवर्ल्ड की तर्ज पर धमकियों और फायरिंग जैसी घटनाओं के जरिए अपना दबदबा बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।

दाऊद गैंग जैसी पहचान बनाने की कोशिश?

मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, गैंग की मंशा ऐसी दहशत पैदा करने की है, जैसी 90 के दशक में अंडरवर्ल्ड के नाम से हुआ करती थी। उस दौर में बड़े कारोबारियों और फिल्मी हस्तियों को धमकी भरे फोन आने से डर का माहौल बन जाता था।

टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले की जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऑडियो क्लिप मिले हैं। इनमें कथित तौर पर अंडरवर्ल्ड का जिक्र सुनाई दिया है। पुलिस इन रिकॉर्डिंग की जांच कर गैंग के नेटवर्क और उसकी रणनीति को समझने की कोशिश कर रही है।

रंगदारी वसूलने के लिए दहशत फैलाने का शक

जांच एजेंसियों को संदेह है कि गैंग मुंबई में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए बड़े कारोबारियों, बिल्डरों और फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाकर डर का माहौल बनाना चाहता है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इन घटनाओं के पीछे रंगदारी वसूलने की योजना है।

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 12वां आरोपी गिरफ्तार

इस बीच, अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने हरियाणा से अमन नाम के 12वें आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में साजिश के लिए पैसों के लेन-देन से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है।

क्राइम ब्रांच का दावा है कि पहले गिरफ्तार आरोपी कुणाल के कहने पर अमन ने राधा नाम की आरोपी महिला के बैंक खाते में 12 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। बताया जा रहा है कि यह रकम उस समय भेजी गई, जब राधा दिल्ली से हथियारों की खेप लेकर मुंबई आने वाली थी।

50 हजार रुपये के ट्रांसफर की भी जांच

पुलिस के मुताबिक, फायरिंग की घटना से करीब एक महीने पहले मुख्य साजिशकर्ता अनिल पंडित के जरिए कुणाल ने अमन के बैंक खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए थे। इसी रकम में से 12 हजार रुपये राधा के खाते में भेजे गए थे।

जांच एजेंसियों को शक है कि अमन के बैंक खाते का इस्तेमाल दूसरे आरोपियों तक पैसे पहुंचाने के लिए भी किया गया। फिलहाल पुलिस दोनों बैंक खातों की मनी ट्रेल और लेन-देन का रिकॉर्ड खंगाल रही है।

पुलिस का कहना है कि अमन को कथित तौर पर इस बात की जानकारी थी कि उसके बैंक खाते का इस्तेमाल आपराधिक साजिश में किया जा रहा है। इसी आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।