BREAKING:Delhi Sewer Accident: 24 घंटे बाद मिला 4 साल के मासूम का शव, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में टुकड़ों में मिला शरीर
दिल्ली के बापरोला इलाके में खुले सीवर में गिरकर लापता हुए 4 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। करीब 24 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार को बच्चे का शव निलोठी स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, शव कई टुकड़ों में मिला है। उसकी पहचान की पुष्टि के लिए DNA प्रोफाइलिंग कराई जाएगी।
आशंका जताई जा रही है कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में गंदे पानी की सफाई के लिए लगी बड़ी घूमने वाली मशीनों की वजह से शव के टुकड़े हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया है। यहां पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
मां के साथ पार्क गया था बच्चा, खुले मैनहोल में गिरा
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को दोपहर करीब 3:21 बजे बाहरी दिल्ली के रन्होला थाने को एक बच्चे के सीवर में गिरने की सूचना मिली थी। बताया गया कि बच्चा अपनी मां के साथ दास गार्डन पार्क गया था। इसी दौरान नांगली विहार एक्सटेंशन में खेरी बाबा पुल के पास नाले की तरफ जाते समय वह खुले मैनहोल में गिर गया।
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग, स्थानीय गोताखोरों और NDRF की टीम ने तलाश अभियान शुरू किया। बचाव दल ने सीवर और उससे जुड़े नाले में करीब सात घंटे तक खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।
रात में अंधेरा और कम दृश्यता के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। बुधवार सुबह दोबारा तलाशी शुरू की गई। सीवर लाइन का रास्ता नाले से जुड़ा होने के कारण टीम को बच्चे की लोकेशन तलाशने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
निलोठी के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंची रेस्क्यू टीम
रेस्क्यू टीम सीवर और नाले के रास्ते आगे बढ़ते हुए निहाल विहार के निलोठी स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंची। इसी प्लांट में बच्चे का शव बरामद हुआ। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और शव की पहचान की पुष्टि के लिए DNA जांच कराई जाएगी।
दिल्ली जल बोर्ड ने घटना पर क्या कहा?
दिल्ली सरकार के एक अधिकारी के अनुसार, दिल्ली जल बोर्ड के संबंधित मेंटेनेंस इंजीनियर को मंगलवार शाम 5:22 बजे फोन के जरिए घटना की जानकारी मिली थी। इसके बाद विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
दिल्ली जल बोर्ड के मुताबिक, इंटरसेप्टर सीवर लाइन नजफगढ़ नाले की बंद बाउंड्री वॉल के नीचे से गुजरती है। यह हिस्सा सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (I&FCD) के अधिकार क्षेत्र में आता है।
DJB के बयान में दावा किया गया है कि कुछ शरारती तत्वों ने सीवर मैनहोल का ढक्कन क्षतिग्रस्त कर दिया था। विभाग ने यह भी बताया कि इलाके में पहले हुई एक अन्य गैरकानूनी घटना के कारण पुलिस ने उस हिस्से में लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित कर रखी थी। बिना अनुमति प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश की इजाजत नहीं थी।
इस घटना ने खुले मैनहोल, सीवर की सुरक्षा और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि हादसे के लिए किन परिस्थितियों और लापरवाहियों की भूमिका रही।