BREAKING:बेंगलुरु के लॉज में युवती की चाकू मारकर हत्या, नौकरी की तलाश में केरल से आई थी; दोस्त गिरफ्तार
बेंगलुरु के एक लॉज में 22 वर्षीय युवती की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान केरल के अडूर निवासी गंगा के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके 23 वर्षीय दोस्त गोकुल कृष्ण को गिरफ्तार किया है। दोनों के बीच पिछले चार साल से प्रेम संबंध थे। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नौकरी की तलाश में बेंगलुरु आई थी युवती
पुलिस के मुताबिक, गंगा ने नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वह नौकरी की तलाश में बेंगलुरु आई थी। उसके साथ उसका दोस्त गोकुल कृष्ण भी आया था। दोनों गुरुवार सुबह शहर के एक लॉज में ठहरे थे।
झगड़े के बाद पेट में चाकू मारा
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान गोकुल ने गंगा के पेट में चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
लॉज प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद आरोपी ने लॉज प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गोकुल कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस दोनों के बीच हुए विवाद की वजह का पता लगा रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।