BREAKING : बांग्लादेश में अवामी लीग के बंद के ऐलान के बाद भड़की हिंसा, यूनुस के पुश्तैनी घर में लगाई आग; 565 लोग गिरफ्तार
बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की ओर से देशव्यापी बंद के ऐलान के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। राजधानी ढाका समेत देश के कई इलाकों में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। सुबह होने से पहले ढाका के कई स्थानों पर देसी बम धमाकों की खबर मिली। प्रदर्शनकारियों ने चटगांव में मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को भी आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में उनके ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में आगजनी की गई।ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर भी हमले हुए हैं। इन घटनाओं के पीछे प्रधानमंत्री तारिक रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यकर्ताओं का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हमलों के जिम्मेदार लोगों को लेकर जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
बंद से पहले ढाका में 565 लोगों की गिरफ्तारी
अवामी लीग ने देशभर में लॉकडाउन और बंद का आह्वान किया था। इसके मद्देनजर पुलिस ने राजधानी ढाका में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। पुलिस के मुताबिक, 24 घंटे के भीतर 565 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार लोगों में शेख हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुके नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार आधी रात के आसपास ढाका स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया।
अवामी लीग ने यह बंद पिछले साल विशेष ट्रिब्यूनल द्वारा सुनाए गए फैसले की बरसी पर बुलाया था। इस फैसले में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी। उन पर जुलाई 2024 के छात्र आंदोलन को दबाने के दौरान मानवता के खिलाफ अपराध करने का आरोप लगाया गया था।
28 जिलों में बम धमाके और आगजनी की घटनाएं
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले दो दिनों में बांग्लादेश के 28 जिलों में देसी बम धमाकों और आगजनी की घटनाएं हुई हैं। कई वाहनों को भी आग के हवाले किया गया। कम से कम दो BNP कार्यालयों और पार्टी के एक नेता के घर में आग लगाए जाने की जानकारी सामने आई है।
इसके अलावा अवामी लीग के दो पार्टी कार्यालयों और नेताओं से जुड़ी पांच संपत्तियों में भी आगजनी की खबर है। लगातार बढ़ती हिंसा के बाद पुलिस ने ढाका में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है।
शहर के प्रमुख फ्लाईओवर और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। राजधानी में प्रवेश करने वाले रास्तों पर वाहनों की जांच की जा रही है। संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों और वाहन चालकों से पूछताछ भी की जा रही है।
तारिक रहमान ने अवामी लीग के खिलाफ एकजुट होने की अपील की
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बुधवार रात राजनीतिक दलों और लोकतांत्रिक ताकतों से अवामी लीग की दोबारा राजनीतिक सक्रियता रोकने के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने अवामी लीग को आतंकी संगठन और सत्ता से हटाई गई फासीवादी ताकत बताया।
संसद में अपने संबोधन के दौरान तारिक रहमान ने कहा कि वर्ष 2024 की तरह एक बार फिर सभी को एकजुट होकर ऐसी ताकतों का मुकाबला करना होगा। उन्होंने BNP सांसदों से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटने और स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सक्रिय रहने को कहा।
'द डेली स्टार' की रिपोर्ट के मुताबिक, तारिक ने सांसदों से यह भी कहा कि अवामी लीग के कार्यकर्ताओं का मुकाबला करने के लिए केवल सरकारी मशीनरी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। इसके बजाय स्थानीय नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करना चाहिए।
हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बढ़ा राजनीतिक तनाव
बांग्लादेश में 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार की जिम्मेदारी संभाली थी।
अंतरिम सरकार के दौरान अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगाई गई और पार्टी के हजारों नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
शेख हसीना फिलहाल भारत में रह रही हैं। उन्होंने जुलाई 2026 में दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और वहां की अदालत में कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की इच्छा जताई थी। इस महीने उन्होंने एक बार फिर दिसंबर में हर हाल में स्वदेश लौटने की बात कही। इसके बाद से देश में राजनीतिक हलचल और तनाव बढ़ने की खबरें सामने आई हैं।
हसीना के गृहनगर तुंगीपारा से शुरू हुआ तनाव
रिपोर्ट्स के अनुसार, हिंसा और तनाव की शुरुआत शेख हसीना के गृहनगर तुंगीपारा से हुई। मंगलवार को अवामी लीग का समर्थक होने के संदेह में कई युवाओं को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सैकड़ों लोगों ने स्थानीय पुलिस स्टेशन को घेर लिया।
एक स्थानीय पत्रकार के मुताबिक, उस समय थाने में करीब 30 संदिग्ध पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में रखा गया था। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया।
गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान के लिए ऑडियो और वीडियो साक्ष्यों की मदद ली जाएगी।
बांग्लादेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
अवामी लीग के बंद के ऐलान के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसा की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी ढाका में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है और संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है। राजनीतिक दलों के बीच बढ़ते टकराव के बीच अब प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती हिंसा पर नियंत्रण पाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की है।