☰
×

BREAKING : यूपी में भीषण सड़क हादसा, स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर; 4 बच्चों की मौत, 25 घायल

 

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 60 लोग सवार थे, जिनमें 50 बच्चे शामिल थे।

पिकनिक से लौट रहे थे बच्चे

जानकारी के मुताबिक, कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के बच्चे आगरा में पिकनिक मनाने गए थे। मंगलवार तड़के वे बस से वापस कौशांबी लौट रहे थे। बस सोमवार रात करीब 12 बजे आगरा से रवाना हुई थी।

कन्नौज के एसपी विनोद कुमार के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 6 बजे बच्चों को टॉयलेट कराने के लिए बस एक्सप्रेसवे पर रोकी गई थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर से बस का पिछला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस की कई सीटें उखड़ गईं और बच्चे सीटों के बीच फंस गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहत टीमों ने बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

ट्रक ड्राइवर को झपकी आने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे की वजह ट्रक चालक को नींद की झपकी आना बताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सड़क किनारे वाहन रोकने और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान ड्राइवरों की सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।