BREAKING:Rohtak Gangwar: होटल में खाना खा रहे चार युवकों की गोली मारकर हत्या, 30 राउंड फायरिंग से दहला इलाका
हरियाणा के रोहतक में गैंगवार की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खरावड़ गांव स्थित मिलन होटल में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब एक बजे पांच हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर चार युवकों की हत्या कर दी। घटना के समय युवक होटल में खाना खा रहे थे। वारदात में करीब 30 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमलावरों पर हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े होने का आरोप है। मारे गए चार युवकों में से तीन को बाबा गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है, जबकि चौथे युवक का किसी गैंग से संबंध नहीं था। वारदात खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर हुई।
मृतकों की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी रिंकू (28), विनीत (22), यश उर्फ गंजू (22) और बेरी निवासी हिमांशु (26) के रूप में हुई है।
स्विफ्ट कार से पहुंचे थे पांच हमलावर
जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे रिंकू, विनीत और यश होटल में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार होकर पांच हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे। होटल में घुसते ही उन्होंने युवकों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से होटल में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोग टेबल और कुर्सियों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाने लगे।
फायरिंग में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान होटल में मौजूद बेरी निवासी हिमांशु जान बचाने के लिए भागने लगा। आरोप है कि हमलावरों ने उसे भी गैंग का सदस्य समझकर गोली मार दी। उसकी भी मौके पर मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी कुछ देर तक हथियार लहराते हुए घटनास्थल पर घूमते रहे और फिर फरार हो गए।
सात साल से चल रही गैंगवार
बताया जा रहा है कि रिटौली गांव के सन्नी रिटोलिया और हिमांशु भाऊ गैंग के बीच वर्ष 2019 से दुश्मनी चली आ रही है। करीब सात साल से जारी इस गैंगवार में अब तक नौ लोगों की जान जाने की बात सामने आई है। पुलिस इस वारदात को भी इसी आपसी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है।
IG और SP ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
चार हत्याओं की सूचना मिलते ही रोहतक रेंज के IG हामिद अख्तर और SP गौरव राजपुरोहित सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। CIA, स्पेशल सेल और FSL की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा हमलावर किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए, इसकी भी जांच की जा रही है।
IMT थाना SHO राजकरण के मुताबिक, होटल के पास गैंगवार की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।