☰
×

BREAKING : मणिपुर में फिर दहला माहौल: महिला की गोली मारकर हत्या, कुकी-नगा समुदायों के बीच भड़की खूनी हिंसा

 

मणिपुर के कामजोंग जिले में एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद तनाव बढ़ गया है। अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:35 बजे चस्साद इलाके में महिला को गर्दन के पास गोली मारी गई। पांच बच्चों की मां महिला की हत्या के बाद कुकी और नगा सशस्त्र समूहों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई, जो शनिवार सुबह तक जारी रही।

हिंसा के दौरान चस्साद पुलिस स्टेशन समेत कई घरों में आग लगा दी गई। हालात को काबू में रखने के लिए जिला प्रशासन ने चस्साद पुलिस गेट जंक्शन के 400 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 162 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह इकट्ठा होने पर रोक लगाई गई है।

साधना ग्रुप के चेयरमैन राकेश गुप्ता गिरफ्तार, 15 अक्टूबर तक ED की हिरासत में

साधना ग्रुप के चेयरमैन राकेश गुप्ता को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 15 अक्टूबर तक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि राकेश गुप्ता को किस मामले में और कहां से गिरफ्तार किया गया है।

मोहन भागवत दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर, स्वयंसेवकों के सम्मेलन में होंगे शामिल

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत शनिवार से दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर रहेंगे। वह शनिवार शाम 4 बजे संबलपुर पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक जीएम यूनिवर्सिटी में आयोजित स्वयंसेवकों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

रविवार को भागवत राज्य के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में संघ की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। RSS के प्रचार प्रमुख सुमंत कुमार पांडा के अनुसार, उनका दौरा 11 अक्टूबर की शाम को समाप्त होगा।

जम्मू-कश्मीर के रियासी में CISF जवान की गोली लगने से मौत, जांच शुरू

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में ड्यूटी के दौरान गोली लगने से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक जवान की मौत हो गई। घटना शुक्रवार की है। मृतक की पहचान 37 वर्षीय मोहम्मद मुश्ताक के रूप में हुई है, जो रियासी जिले के मरड़ी गांव के निवासी थे।

अधिकारियों के मुताबिक, घायल जवान को पहले रियासी जिला अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, CISF ने भी घटना और गोली चलने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट पर ₹4.5 करोड़ का गांजा बरामद, बैंकॉक से आए यात्री की गिरफ्तारी

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने करीब ₹4.5 करोड़ कीमत का 12.85 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया गया है।

कस्टम अधिकारियों के अनुसार, यात्री 6 अक्टूबर को एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर पहुंचा था। उसकी प्रोफाइलिंग के आधार पर उसे जांच के लिए रोका गया। इसके बाद उसके सिल्वर रंग के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई, जिसमें 13 पॉलिथीन पैकेटों में गांजा रखा मिला। अधिकारियों ने मादक पदार्थ जब्त कर यात्री को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।