Breaking News:श्रीनगर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद इंडिगो विमान हादसे का शिकार, पार्किंग के दौरान टकराया
मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 लैंडिंग के बाद पार्किंग के दौरान हादसे का शिकार हो गई। विमान पार्किंग बे की ओर बढ़ रहा था, तभी उसमें ब्रेक सिस्टम से जुड़ी समस्या सामने आई और विमान समय पर रुक नहीं सका। इसके बाद विमान पार्किंग बे में लगे पोल/VDGS सिस्टम से टकरा गया।
विमान के अगले हिस्से को नुकसान
टक्कर के कारण विमान के आगे के हिस्से यानी नोज सेक्शन को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद विमान को आगे की उड़ान के लिए फिलहाल रोक दिया गया है। विमान की स्थिति और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
सभी यात्री और क्रू सुरक्षित
हादसे के वक्त विमान में मौजूद सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यात्रियों को मैनुअल सीढ़ियों की मदद से विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जांच के बाद सामने आएगी हादसे की असली वजह
घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। विमान के ब्रेक सिस्टम में वास्तव में किस तरह की समस्या आई और टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही चल सकेगा।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने से पहले हादसे की वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। विमान को हुए नुकसान की तकनीकी जांच भी की जाएगी।
एयरपोर्ट पर सामान्य रहा संचालन
हादसे के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट का अन्य संचालन प्रभावित नहीं हुआ है। एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है। यात्रियों की सुरक्षा और एयरपोर्ट संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।