×

Breaking News: कानपुर में खौफनाक प्लेन हादसा: हवा में ब्लास्ट के बाद नीचे गिरा ट्रेनी विमान, पायलट और ट्रेनी की मौत

 

उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को ट्रेनिंग के दौरान एक विमान हादसे का शिकार हो गया। गंगा बैराज के पास हुए इस हादसे में विमान में सवार इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट की मौत हो गई। कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने दोनों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, विमान में इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी सवार थे। सचिन भाटिया गुजरात के रहने वाले थे, जबकि अभिषेक पुजारी कर्नाटक के रहने वाले थे।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि ग्वालटोली थाना क्षेत्र के नत्थापुरवा गांव के बाहरी इलाके में गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से करीब 11:30 बजे 4-सीटर डुअल इंजन टेकनम विमान ने उड़ान भरी थी। करीब 11:50 बजे यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित किया और जरूरी कार्रवाई शुरू की। घटना की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को भी दे दी गई है। हादसे की तकनीकी और अन्य विस्तृत जांच DGCA की टीम करेगी।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

विमान के अचानक आसमान से गिरने की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने विमान के मलबे से दोनों पायलटों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विमान हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है। DGCA की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रेनिंग के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आई थी या हादसे के पीछे कोई अन्य कारण था।