BREAKING : आंध्र प्रदेश के जंगलों में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, 670 जिंदा BGL गोले समेत भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
आंध्र प्रदेश के रामपाचोदावरम के जंगलों में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। आंध्र प्रदेश स्पेशल पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम ने जंगल में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली गतिविधियों से जुड़ी सामग्री बरामद की है। गुरुवार को अधिकारियों ने इस कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की।
सुरक्षाबलों को तलाशी अभियान के दौरान 670 जिंदा बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) गोले, 42 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 250 ग्राम बारूद मिला। इसके अलावा कॉर्डेक्स के 25 टुकड़े, 12 विस्फोटक रिंग और 7 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।मौके से 7.62 एमएम के 16 खाली कारतूस के खोखे, करीब 6 मीटर फ्यूज और मेडिकल सामग्री भी मिली है। सुरक्षाबल बरामद सामग्री की जांच कर रहे हैं। इस कार्रवाई को इलाके में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आज की अन्य बड़ी खबरें
कोविड के बाद सुप्रीम कोर्ट में मुकदमों की संख्या दोगुने से ज्यादा, 80 हजार के पार पहुंचे मामले
सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस एमएम सुंदरेश ने बुधवार को अदालत में बढ़ते मुकदमों की संख्या को लेकर अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोविड महामारी के बाद सुप्रीम कोर्ट में हर साल दाखिल होने वाले मामलों की संख्या दोगुने से भी ज्यादा हो गई है।
जस्टिस सुंदरेश के मुताबिक, पहले सुप्रीम कोर्ट में सालाना लगभग 35 से 36 हजार मामले दर्ज होते थे, लेकिन अब यह आंकड़ा बढ़कर 80 हजार के पार पहुंच गया है।
बुधवार को जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की बेंच के सामने एक वकील ने अपने मामले की सुनवाई के लिए तारीख मांगी थी। वकील का कहना था कि केस सूची में काफी नीचे होने के कारण उस दिन सुनवाई होना मुश्किल है और वह गुरुवार को भी उपलब्ध नहीं रहेंगी। इसी दौरान जस्टिस सुंदरेश ने मामलों की बढ़ती संख्या का उल्लेख किया।
दिल्ली के कश्मीरी गेट पुल पर भीषण सड़क हादसा, फॉर्च्यूनर ने ऑटो को मारी टक्कर, 2 की मौत
दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में युधिष्ठिर सेतु पर 17 और 18 नवंबर की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कुल 8 लोग घायल हो गए थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं, छह अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को हादसे की जानकारी दी।
गोधरा ट्रेन कांड के 7 दोषियों को राहत, गुजरात हाईकोर्ट ने 3 सप्ताह बढ़ाई पैरोल
गुजरात हाईकोर्ट ने 2002 के गोधरा ट्रेन जलाने के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे सात दोषियों की पैरोल अवधि तीन सप्ताह के लिए बढ़ा दी है। इन दोषियों को इसी साल जून-जुलाई में चार महीने की पैरोल दी गई थी।
पैरोल की अवधि बढ़ाने के लिए दोषियों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि राज्य सरकार ने उनकी सजा माफी यानी रिमिशन से जुड़ी अर्जियों पर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है। इसमें दोषियों की गलती नहीं मानी जा सकती।
वहीं, राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि दोषियों की सजा माफी की याचिकाएं अभी विचाराधीन हैं। इसके बाद हाईकोर्ट ने उनकी पैरोल तीन सप्ताह बढ़ाने का फैसला सुनाया।
संसद सत्र को लेकर हलचल तेज, नवंबर में विशेष बैठक या दिसंबर में शीतकालीन सत्र का विकल्प
संसद के आगामी सत्र को लेकर केंद्र सरकार के सामने दो विकल्प हैं। बुधवार को इस मुद्दे पर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। सूत्रों के मुताबिक, सरकार नवंबर के आखिरी सप्ताह में तीन दिन का विशेष सत्र बुलाने या फिर दिसंबर में नियमित शीतकालीन सत्र आयोजित करने पर विचार कर रही है।
पहले विकल्प के तहत मानसून सत्र का सत्रावसान करके 7 से 23 दिसंबर तक शीतकालीन सत्र बुलाया जा सकता है। इस दौरान 12 बैठकें प्रस्तावित हैं। इनमें महिला आरक्षण और लोकसभा की सीटें बढ़ाने के लिए परिसीमन से जुड़े विधेयक पेश किए जाने की संभावना है।
दूसरे विकल्प के तहत नवंबर के अंतिम सप्ताह में तीन दिन की विशेष बैठक बुलाई जा सकती है। दरअसल, मानसून सत्र की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई थी, लेकिन उसका औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ था। ऐसे में कम समय के नोटिस पर दोबारा बैठक बुलाने का विकल्प मौजूद है। सूत्रों के अनुसार, अगले 48 घंटे में सरकार किसी एक विकल्प पर फैसला ले सकती है।
दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में जबरन घुसने की कोशिश, CISF ने संदिग्ध को पकड़ा
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक संदिग्ध व्यक्ति ने टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट से जबरन अंदर घुसने की कोशिश की। हालांकि, वहां तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
CISF ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस घटना की जानकारी साझा की। संगठन के मुताबिक, सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता और पेशेवर तरीके से की गई कार्रवाई के कारण स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और एयरपोर्ट पर किसी तरह का तनाव नहीं फैलने दिया गया।
फिलहाल पकड़े गए व्यक्ति की पहचान और एयरपोर्ट में जबरन प्रवेश करने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।
सूरत में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का खुलासा, पुलिस से बचने की कोशिश में चौथी मंजिल से गिरा होटल संचालक, मौत
गुजरात के सूरत में पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करने के लिए छापेमारी की। यह कार्रवाई उधना-मगदल्ला रोड स्थित सफल स्क्वायर कॉम्प्लेक्स में मंगलवार देर शाम एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम ने की थी।
पुलिस के मुताबिक, होटल संचालक राजेशसिंह ने एक डमी ग्राहक से कथित तौर पर 9 हजार रुपये वसूले थे। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान होटल संचालक बाथरूम जाने का बहाना बनाकर खिड़की से भागने लगा। उसने पाइपलाइन के सहारे नीचे उतरने की कोशिश की, लेकिन चौथी मंजिल से गिर गया।
गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि होटल में ग्राहकों से 5 हजार से 15 हजार रुपये तक वसूले जाते थे और उन्हें वीआईपी सुविधाएं देने का दावा किया जाता था। पुलिस को इस रैकेट में नशीले पदार्थों की व्यवस्था किए जाने की भी आशंका है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।