×

BREAKING : बेंगलुरु में फिल्मी स्टाइल में किडनैपिंग: लव मैरिज से नाराज परिवार ने राजस्थान से बुलाए बदमाश; भागते वक्त 6 लोगों को मारी टक्कर

 

बेंगलुरु में परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी करने वाली 21 साल की युवती को कथित तौर पर उसके परिवार की ओर से भेजे गए चार लोगों ने घर से जबरन उठा लिया। चारों आरोपी राजस्थान से बेंगलुरु पहुंचे थे। युवती को कार में लेकर भागते समय आरोपियों ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें 6 लोग घायल हो गए।

युवती की पहचान पूजा के रूप में हुई है। वह राजस्थान की रहने वाली है। करीब 8-9 महीने पहले पूजा ने राजस्थान के ही रहने वाले ओम प्रकाश से परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की थी। शादी के बाद दोनों बेंगलुरु आकर रहने लगे थे।

16 सितंबर को घर पहुंचे चार लोग

पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर की शाम चार लोग अग्रहारा दसरहल्ली इलाके में पूजा और ओम प्रकाश के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पूजा को जबरन घर से बाहर निकाला और ह्यूंडई वेन्यू कार में बैठाकर वहां से फरार हो गए।

कार को तेज रफ्तार में भगाते समय कई वाहनों को टक्कर लगी। इस हादसे में पृथ्वीराज, यशिका, अमुल, मणि, जयलक्ष्मी और संतोष घायल हुए। जयलक्ष्मी के सिर में गंभीर चोट आने के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। बाकी घायलों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

स्थानीय लोगों ने कार का पीछा किया

पूजा को जबरन ले जाने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने कार का पीछा करना शुरू कर दिया। लोगों ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से भागते रहे। पीछा करते हुए कार को आखिरकार होसाहल्ली के पास रोक लिया गया।

इस दौरान कुछ लोगों ने कार पर पत्थर भी फेंके, जिससे उसके शीशे टूट गए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि घटना में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए और कार रोकने की कोशिश करने वालों पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हालांकि, पुलिस के मुताबिक फिलहाल 6 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

तीन आरोपी हिरासत में, ड्राइवर फरार

पुलिस ने पूजा को ले जाने वाले चार लोगों की पहचान सद्दाम, राकेश, करण और अयान के रूप में की है। इनमें कार चला रहा सद्दाम फरार बताया जा रहा है, जबकि बाकी तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है और पूजा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। मामले में विजयनगर थाने में पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है।