☰
×

BREAKING : मुंबई के कुर्ला में युवक और उसकी महिला दोस्त पर हमला, 8 नाबालिगों ने लाठी-डंडों से पीटा; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

 

मुंबई के कुर्ला इलाके में फीनिक्स मॉल के पास स्थित एक म्युनिसिपल गार्डन में युवक और उसकी महिला दोस्त के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों गार्डन में फोटो खींच रहे थे, तभी वहां मौजूद आठ नाबालिग लड़कों ने उनके साथ विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में कुछ लड़के युवक और उसकी महिला दोस्त पर लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। मामले में मुंबई पुलिस ने लड़की की शिकायत के आधार पर आठ नाबालिगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

गार्डन में फोटो खींचने के दौरान शुरू हुआ विवाद

शिकायत के मुताबिक, युवक अपनी महिला दोस्त से मिलने घाटकोपर गया था। दोनों एक म्युनिसिपल गार्डन में तस्वीरें खींच रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद लड़कों का एक समूह कथित तौर पर महिला दोस्त को बार-बार परेशान करने लगा।

आरोप है कि इसके बाद लड़कों ने दोनों के साथ गाली-गलौज और बहस शुरू कर दी। युवक ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

स्टील की बोतल से युवक के सिर पर किया वार

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने युवक को लात-घूंसों से पीटा। वायरल वीडियो में कुछ लड़के डंडों से हमला करते भी दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक आरोपी ने स्टील की बोतल से युवक के सिर पर वार कर दिया।

इस हमले में युवक और उसकी महिला दोस्त दोनों घायल हो गए। घटना के बाद दोनों इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे।

आठ नाबालिगों के खिलाफ FIR दर्ज

मुंबई पुलिस के मुताबिक, महिला की शिकायत पर घाटकोपर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत आठ नाबालिग लड़कों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (किशोर न्याय बोर्ड) के सामने पेश किया जाएगा। फिलहाल, उनकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।