☰
×

BREAKING : पुणे में दिल दहला देने वाला हादसा, हाई-प्रोफाइल सोसाइटी की 18वीं मंजिल से महिला ने 6 साल के बेटे संग लगाई छलांग, दोनों की मौत

 

महाराष्ट्र के पुणे से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। पिंपरी-चिंचवड़ के वाकड इलाके में एक 33 वर्षीय महिला और उसके 6 साल के बेटे की इमारत से गिरने के बाद मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे थेरगांव-वाकड क्षेत्र की सिग्नेचर पार्क सोसायटी में हुई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला अपने बेटे के साथ इमारत की 18वीं मंजिल से नीचे गिरी थी। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।मृतकों की पहचान 33 वर्षीय एकता भांगड और उनके 6 साल के बेटे माधव भांगड के रूप में हुई है। घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर वाकड पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पति के ऑफिस जाने के बाद घर पर थीं मां-बेटे

जानकारी के मुताबिक, एकता भांगड अपने पति मनोज भांगड और बेटे माधव के साथ पिछले कुछ वर्षों से सिग्नेचर पार्क सोसायटी में रह रही थीं। परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है। वे पिछले करीब दो वर्षों से सोसायटी की सातवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में रह रहे थे।

एकता के पति मनोज भांगड यरवदा स्थित एक आईटी कंपनी में काम करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह रोज की तरह ऑफिस चले गए थे। उस समय घर पर एकता और उनका बेटा माधव मौजूद थे।

शाम को सोसायटी में मची अफरा-तफरी

शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे सोसायटी की इमारत के डक्ट क्षेत्र से जोरदार आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग नीचे पहुंचे। वहां एकता और माधव गंभीर हालत में पड़े मिले। इसके बाद सोसायटी के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और महिला के पति को भी घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही वाकड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू की।

CCTV फुटेज में 18वीं मंजिल तक जाती दिखी महिला

पुलिस ने घटना की जांच के लिए सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फुटेज में एकता अपने बेटे माधव के साथ लिफ्ट से इमारत की 18वीं मंजिल की ओर जाती दिखाई दीं।

जांच के दौरान गैलरी की रेलिंग के पास दोनों के जूते-चप्पल भी मिले। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस को आशंका है कि मां-बेटे 18वीं मंजिल से नीचे गिरे थे। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पिंपरी स्थित यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने मृतकों के परिजनों और रिश्तेदारों को भी घटना की जानकारी दे दी है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

महिला ने यह कदम क्यों उठाया? पुलिस कर रही जांच

इस घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला किसी पारिवारिक तनाव, व्यक्तिगत परेशानी या अन्य समस्या से गुजर रही थी या नहीं। फिलहाल किसी पारिवारिक विवाद या अन्य कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।