Breaking : बंगाल में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात: गर्लफ्रेंड की हत्या कर बाइक पर बोरी में ले जा रहा था शव, खून के धब्बों से खुला राज
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से 19 साल की युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती के बॉयफ्रेंड अमित कुमार महतो को उसके शव के साथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने युवती की हत्या करने के बाद शव को बोरी में भर दिया और बाइक के पीछे बांधकर उसे पहाड़ी इलाके में ठिकाने लगाने जा रहा था।
पुलिस की चेकिंग के दौरान बोरी पर खून के निशान देखकर युवक पर शक हुआ। पुलिस ने बोरी की तलाशी ली तो उसके अंदर युवती की खून से लथपथ लाश मिली।
शनिवार दोपहर से लापता थी युवती
मृतका नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी और पुरुलिया शहर के एक हॉस्टल में रहती थी। शनिवार दोपहर करीब 1 बजे वह कोचिंग जाने के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।
युवती की रोज अपनी मां से फोन पर बात होती थी। उस दिन जब शाम तक उसका फोन नहीं आया तो परिवार परेशान हो गया। परिजनों ने फोन किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिवार ने हॉस्टल मालिक से संपर्क किया और युवती की तलाश शुरू कर दी। मामले की शिकायत पुलिस से भी की गई।
बोरी में शव रखकर बाइक से ले जा रहा था आरोपी
शनिवार रात बलरामपुर थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के कार्यालय के पास पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर बोरी लेकर जा रहे अमित कुमार महतो को पुलिस ने रोका।
बोरी पर खून के निशान देखकर पुलिस को शक हुआ। तलाशी लेने पर उसके अंदर युवती का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
परिवार के मुताबिक, शव को बोरी में रखकर मोबाइल फोन के चार्जर और रस्सी की मदद से बांधा गया था।
गला काटकर हत्या करने का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी युवती को किसी सुनसान जगह पर ले गया था। वहां कथित तौर पर उसका गला काटकर हत्या की गई और फिर शव को बोरी में भर दिया गया।
इसके बाद आरोपी शव को अयोध्या पहाड़ियों की तरफ ले जाकर ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन रास्ते में पुलिस की चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है। हालांकि, मामले की पूरी तस्वीर जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद साफ होगी।
दूसरे युवक से संबंध होने का था शक
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, अमित और युवती लंबे समय से रिलेशनशिप में थे और दोनों एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते थे।
बताया जा रहा है कि कुछ समय से अमित को शक था कि युवती का किसी दूसरे युवक के साथ अफेयर है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी होता था। पुलिस हत्या के पीछे इस कथित शक और रिश्ते में चल रहे विवाद के एंगल से भी जांच कर रही है।
परिवार ने रेप का भी लगाया आरोप
युवती के पिता ने आरोप लगाया है कि हत्या से पहले उनकी बेटी के साथ रेप किया गया था। परिवार को अस्पताल की तरफ से भी इस संबंध में जानकारी मिलने का दावा किया गया है।
हालांकि, रेप की पुष्टि अभी जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही होगी। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है।
युवती के पिता का कहना है कि वे आरोपी को नहीं जानते थे। परिवार ने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई करने और दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की है।