☰
×

BREAKING : खुशखबरी! मोदी और बालेन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की 'सरयू-कमला एक्सप्रेस', यूपी-बिहार के इन 10 स्टेशनों से गुजरेगी ट्रेन

 

भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक नई शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोमवार, 23 नवंबर 2026 को अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच चलने वाली नई ट्रेन सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस ट्रेन के शुरू होने से भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।

दिल्ली के हैदराबाद हाउस से दोनों प्रधानमंत्रियों ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को रवाना किया। वहीं, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए।

604 किलोमीटर का सफर करीब 19 घंटे में होगा पूरा

सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस सफर को पूरा करने में करीब 19 घंटे लगेंगे। यह साप्ताहिक ट्रेन होगी, जिससे भारत और नेपाल के यात्रियों के साथ-साथ धार्मिक यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी।

नियमित ट्रेन सेवा 28 नवंबर 2026 से शुरू होने की जानकारी दी गई है। ट्रेन अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे रवाना होकर मंगलवार दोपहर 12:40 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी।

वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से चलेगी और रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या पहुंचेगी।

यूपी-बिहार के इन 10 स्टेशनों पर होगा ठहराव

सरयू-कमला एक्सप्रेस का रूट उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगा। रास्ते में इसके 10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया गया है।

  1. अयोध्या धाम

  2. मनकापुर

  3. बस्ती

  4. गोरखपुर

  5. नरकटियागंज

  6. रक्सौल

  7. सीतामढ़ी

  8. शीशो

  9. मधुबनी

  10. जयनगर

इन स्टेशनों के अलावा ट्रेन अयोध्या कैंट से अपनी यात्रा शुरू करेगी और नेपाल के जनकपुर धाम तक पहुंचेगी। इससे बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों के यात्रियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

ट्रेन में मिलेंगे 17 आधुनिक कोच

सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन आधुनिक LHB रैक से किया जाएगा। इसमें कुल 17 कोच होंगे। इनमें 8 एसी कोच, 7 स्लीपर कोच और 2 लगेज एवं जनरेटर से जुड़े कोच शामिल होंगे।

एसी श्रेणी में सेकेंड एसी, थर्ड एसी और थर्ड एसी इकोनॉमी की सुविधा उपलब्ध होगी। स्लीपर कोच के कारण सामान्य यात्रियों और श्रद्धालुओं को भी लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिलेगी।

जयनगर स्टेशन पर होगी दस्तावेजों की जांच

भारत से नेपाल जाने और नेपाल से भारत आने वाली इस ट्रेन में यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच भी की जाएगी। इसके लिए बिहार के जयनगर स्टेशन को महत्वपूर्ण चेक प्वाइंट बनाया गया है।

यहां ट्रेन का ठहराव सामान्य स्टेशनों की तुलना में अधिक समय तक रहेगा, ताकि यात्रियों की नागरिकता और पहचान से जुड़े दस्तावेजों की जांच पूरी की जा सके। दोनों दिशाओं में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग रिजर्वेशन चार्ट तैयार किए जाएंगे।

धार्मिक पर्यटन और भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगा बढ़ावा

अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि नेपाल का जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। ऐसे में दोनों धार्मिक स्थलों को रेल मार्ग से जोड़ने को रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नई ट्रेन सेवा से श्रद्धालुओं को अयोध्या और जनकपुर के बीच यात्रा करने का सीधा विकल्प मिलेगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।