×

BREAKING : समुद्री तूफान 'अर्नब' का कहर: ओडिशा में बारिश से बहे कई पुल, 3 राज्यों में भारी तबाही का खतरा; बंगाल भी अलर्ट

 

बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात अर्नब देर रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से टकराया। इसके बाद दोनों राज्यों के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। ओडिशा में एहतियात के तौर पर करीब 5 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है

भारी बारिश के कारण ओडिशा के दक्षिणी जिलों में कई जगहों पर सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। मलकानगिरी में कई पुलों के बह जाने से आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है। NH-326 पर बड़ी संख्या में वाहन फंसने की सूचना है।

श्रीकाकुलम में 75 किमी प्रति घंटे तक चली हवाएं

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के कलिंगपट्टनम और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। यहां हवा की रफ्तार करीब 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची।

वहीं विजयवाड़ा में सुबह से लगातार बारिश हो रही है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। शहर के कई स्कूलों में लगातार दूसरे दिन छुट्टी घोषित की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती सिस्टम पिछले छह घंटे में करीब 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है।

पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात के असर से पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश का अनुमान है। दक्षिण 24 परगना में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है। वहीं दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा जताया गया है।

यूपी के कई शहरों में फिर शुरू हुई बारिश

उत्तर प्रदेश में तीन दिन के अंतराल के बाद एक बार फिर मानसूनी बारिश शुरू हुई है। गुरुवार को लखनऊ, गोंडा, महराजगंज, उन्नाव और प्रयागराज समेत कई इलाकों में बारिश हुई।

गोंडा में सुबह से तेज बारिश जारी रही। बारिश को देखते हुए प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की है।

उत्तराखंड के 10 जिलों में बारिश का अनुमान

उत्तराखंड के 10 जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, पौड़ी, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ शामिल हैं। राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है।

हिमाचल में अगले 5 दिन बारिश की संभावना

हिमाचल प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। 26 और 27 सितंबर को भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश के कारण प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में गिरावट आने और सुबह-शाम ठंड बढ़ने की संभावना है।

पंजाब-चंडीगढ़ में मानसून की विदाई शुरू

पंजाब और चंडीगढ़ के ज्यादातर हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यहां मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

हरियाणा के 21 जिलों से मानसून लौटा

हरियाणा में भी मानसून की विदाई तेजी से हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, यमुनानगर के कुछ हिस्सों को छोड़कर करीब 21 जिलों से मानसून की वापसी हो चुकी है।

बिहार में 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

बिहार में मौसम विभाग ने गुरुवार को पूरे राज्य के 38 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें 19 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट और बाकी 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

पटना, समस्तीपुर और बेगूसराय समेत कई इलाकों में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है।

मध्य प्रदेश में 10 जिलों में तेज बारिश का अनुमान

मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले बारिश का एक और सिस्टम सक्रिय हुआ है। गुरुवार को करीब 10 जिलों में तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 25 और 26 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में सिस्टम का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।

राज्य में अब तक औसतन करीब 34.3 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य बारिश के लक्ष्य का लगभग 91.9 प्रतिशत है।

राजस्थान में गर्मी ने बढ़ाई चिंता

राजस्थान में मानसून की विदाई के बीच कई इलाकों में गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। बुधवार को राज्य के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।

बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर समेत पश्चिमी जिलों में तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में सितंबर के तापमान ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड भी तोड़ा है।